08जेएनडी30: दुर्घाटनाग्रस्त टैंकर। संवाद
उचाना। उचाना बस स्टैंड के निकट दिल्ली-पटियाला नेशनल हाईवे पर बुधवार रात उस समय बड़ा हादसा टल गया जब ब्रेकर पर पेट्रोल से भरा टैंकर दूसरे टैंकर से भिड़ गया। इसमें पीछे चल रहे टैंकर का चालक घायल हो गया। टक्कर के बाद टैंकर से पेट्रोल का रिसाव भी हो गया। घटना की सूचना पाकर उचाना थाना पुलिस, फायर ब्रिगेड के साथ मौके पर पहुंच गई। पेट्रोल रिसाव हो रहे टैंकर को आबादी से दूर सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। घायल टैंकर चालक को नाभा, पंजाब के अस्पताल में ले जाया गया है। उचाना थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नाभा पंजाब के दो टैंकर पेट्रोल भरकर बुधवार रात दिल्ली से नाभा के लिए रवाना हुए थे। जींद-पटियाला नेशनल हाईवे पर उचाना नए बस अड्डे के निकट बनाए गए ब्रेकर को देखकर आगे चल रहे टैंकर के चालक ने ब्रेक लगा दिए। इसके चलते उसके पीछे चल रहा दूसरा टैंकर उससे टकरा गया। इससे पिछले टैंकर से पेट्रोल का रिसाव शुरू हो गया। घटना की सूचना पाकर उचाना थाना पुलिस फायर ब्रिगेड तथा एंबुलेंस के साथ मौके पर पहुंची और पेट्रोल के हिसाब को देखते हुए कुछ समय के लिए हाईवे को वनवे कर दिया। इसके बाद रिसाव वाले तेल टैंकर को आबादी से दूर सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया और रास्ते को भी चालू कर दिया गया। बताया जाता है कि टैंकर से लगभग 1000 लीटर पेट्रोल का रिसाव हुआ है। घायल हुए टैंकर चालक की पहचान नाभा निवासी मेजर सिंह के रूप में हुई है। जिसे उसके साथी अपने साथ पंजाब ले गए हैं। उचाना थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
उचाना थाना प्रभारी पवन कुमार ने बताया की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। रिसाव वाले टैंकर को आबादी से दूर सुरक्षित स्थान पर खड़ा किया गया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
08जेएनडी30: दुर्घाटनाग्रस्त टैंकर। संवाद