संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। एसटीएफ हिसार की टीम ने गांव खरकरामजी में शराब ठेकेदार वीरेंद्र उर्फ बिंद्र की हत्या मामले में जुलाना के वार्ड-2 निवासी शंकर उर्फ पंडित को काबू किया है। आरोपी के तार रोहित गोदारा गैंग से जुड़े हैं।
खरकरामजी गांव में 20 जून को शराब ठेकेदार वीरेंद्र उर्फ बिंद्र की गोली मारकर हत्या कर दी थी। गोहाना हलका के गांव महमूदपुर निवासी नवीन ने पुलिस एफआईआर में बताया था कि मृतक वीरेंद्र उर्फ बिंद्र उनका दोस्त है। सूचना मिली थी कि वीरेंद्र को गोली मार दी है। वह गांव खरकरामजी पहुंचे और बिंद्र को नागरिक अस्पताल जींद आ गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आरोप लगाया था कि बिंद्र की हत्या नगूरां निवासी राकेश उर्फ मिढा, साहनपुर निवासी दीपेंद्र राठी, खरकरामजी निवासी अजय उर्फ निलिमा जो जेल में बंद हैं इनके कहने पर साहनपुर निवासी कमल उर्फ कमली, हाट निवासी कर्मपाल, सुमित उर्फ भोलू, सोनू, अनिल ने बिंद्र की रेकी की।
इसके बाद कमल उर्फ कमली, कर्मपाल व तीन-चार अन्य ने बिंद्र पर ताबड़तोड़ गोली चला दी। मामले में पुलिस ने 10-12 लोगों के खिलाफ हत्या करने के आरोप में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। एसटीएफ इंचार्ज निरीक्षक अनूप सिंह ने बताया कि मामले में पुलिस अब तक 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। अब एसटीएफ हिसार की टीम ने आरोपी शंकर उर्फ पंडित को भी काबू करके जींद पुलिस के हवाले कर दिया है।