जींद। मौलिक शिक्षा विभाग की ओर से राजकीय स्कूल में पढ़ने वाले बाल वाटिका से लेकर पांचवी के बच्चों की वार्षिक परीक्षा सोमवार को शुरू हुई।
पहले दिन पहली कक्षा की अंग्रेजी रिटन असेसमेंट , दूसरी कक्षा की गणित रिटन असेसमेंट, तीसरी कक्षा की गणित रिटन, चौथी कक्षा की अंग्रेजी और पांचवीं कक्षा की गणित विषय की परीक्षा हुई।
परीक्षाओं को लेकर विद्यालय शिक्षा निदेशालय की ओर से कुछ निर्देश जारी किए गए हैं। इसके अंतर्गत सभी अध्यापक यह सुनिश्चित करें कि उन्होंने परीक्षा लेने से पहले निपुण हरियाणा टीचर एप में उपलब्ध शिक्षक मार्गदर्शिका को पढ़ लिया हो। परीक्षा का पैटर्न अभ्यास प्रश्न पत्र के अनुसार होगा। एनुअल असेसमेंट के अंतर्गत आंकलन लिखित और निपुण हरियाणा टीचर एप के माध्यम से किया जाना है। सभी शिक्षक निपुण हरियाणा टीचर एप को नए वर्जन के अनुसार अपडेट करें।
प्रत्येक आंकलन (लिखित, मौखिक और इंटरनल आंकलन) करने के लिए विस्तृत दिशा निर्देश आंकलन के दिन एप में उपलब्ध होंगे। एप पर क्लास और विषय अनुसार एनुअल असेसमेंट का चयन करें। निर्देशानुसार टैबलेट से छात्रों को प्रश्न पढ़कर सुनाएं या उन्हें पढ़ने के लिए कहें। उत्तर मौखिक रूप से टैबलेट पर कोई विकल्प चुनकर या लिखित रूप में दिए जा सकते हैं। जहां भी आवश्यक हो, छात्रों से लिखित उत्तर के लिए नोटबुक लाने के लिए कह सकते हैं। छात्रों के उत्तरों को दर्ज करने के लिए, शिक्षक छात्रों को एक-एक करके बुलाएं और पहले लिखित परीक्षा के उत्तर दर्ज करें। उसके बाद प्रत्येक छात्र की मौखिक परीक्षा के उत्तर दर्ज करें। छात्र के बताए गए या लिखित उत्तर के अनुसार सही या गलत उत्तर पर क्लिक कर सकते हैं। छात्र का एनुअल एसेसमेंट पूरा करने के बाद सेव असेसमेंट पर क्लिक करें।
एफएलएन जिला कोऑर्डिनेटर राजेश वशिष्ठ ने बताया कि बाल वाटिका में 4696, पहली कक्षा में 4639, दूसरी कक्षा में 4849, तीसरी कक्षा में 7334, चौथी कक्षा में 8430 और पांचवीं कक्षा में 9186 बच्चे परीक्षा मे भाग ले रहे हैं।