जींद। शिक्षा विभाग ने बालवाटिका तीसरी से कक्षा पांचवीं तक की वार्षिक परीक्षा (सत्र 2025-26) की समय-सारणी जारी कर दी है। परीक्षाएं 16 मार्च से 25 मार्च तक आयोजित की जाएंगी। इस संबंध में जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों, डायट के प्रधानाचार्यों और खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं।
बालवाटिका 3 से कक्षा तीसरी तक की वार्षिक परीक्षा निपुण भारत मिशन के अंतर्गत निर्धारित दक्षताओं के आधार पर आयोजित की जाएगी। वहीं कक्षा चौथी और पांचवीं के प्रश्न पत्र राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद एससीईआरटी द्वारा तैयार किए जाएंगे। विभाग का उद्देश्य विद्यार्थियों की बुनियादी साक्षरता और संख्यात्मक ज्ञान को मजबूत करना है।
16 मार्च से परीक्षा की शुरुआत होगी। विभिन्न कक्षाओं के लिए अंग्रेजी, हिंदी, गणित और ईवीएस विषयों की लिखित एवं मौखिक परीक्षाएं निर्धारित तिथियों पर आयोजित की जाएंगी। 24 और 25 मार्च को शेष विषयों की परीक्षाएं संपन्न होंगी। विभाग ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि परीक्षा आयोजन में पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित की जाए।
विद्यार्थियों की बेहतर तैयारी के लिए विभाग ने सैंपल पेपर भी जारी किए हैं, जिनका लिंक साझा किया गया है। ये प्रश्न पत्र निपुण शिक्षक ऐप के कंटेंट रिपॉजिटरी और एससीईआरटी की वेबसाइट पर भी उपलब्ध कराए जाएंगे। शिक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे इन सैंपल पेपरों के माध्यम से विद्यार्थियों को परीक्षा के लिए तैयार करें।
मार्च में कक्षा तीसरी के विद्यार्थियों के लिए एक और फाउंडेशनल लर्निंग स्टडी आयोजित की जाएगी। सभी संबंधित शिक्षकों से अपेक्षा की गई है कि वे विद्यार्थियों को इस अध्ययन के लिए विशेष रूप से तैयार करें। दिसंबर में आयोजित ग्रुपिंग एक्सरसाइज-II के बाद यह पाया गया कि कुछ विद्यार्थी अभी भी कुछ दक्षताओं में कमजोर हैं। ऐसे विद्यार्थियों की सहायता के लिए विभाग ने उपचारात्मक शिक्षण संसाधन अनुलग्नक-ए जारी किए हैं। शिक्षकों को निर्देशित किया गया है कि वे जीरो पीरियड के माध्यम से कमजोर विद्यार्थियों को अतिरिक्त अभ्यास और मार्गदर्शन प्रदान करें, ताकि वार्षिक परीक्षा में बेहतर परिणाम सुनिश्चित किए जा सकें।
वर्जन
विभाग की ओर से सभी स्कूलों को ई-मेल से पेपर के सैंपल भेज दिए गए हैं। विद्यार्थियों को नियमित अभ्यास करने के निर्देश दिए गए हैं। सैंपल पेपर मिलने के बाद छात्रों ने अपनी परीक्षा तैयारी शुरू कर दी है और बेहतर प्रदर्शन के लिए मेहनत में जुट गए हैं।-राजेश वशिष्ठ, जिला समन्वयक एफएलएन, जींद।