जींद। बालवाटिका तीन से कक्षा तीन तक के छात्रों के वार्षिक आकलन को एक बार फिर से शुरू करने का निर्णय लिया गया है। यह आकलन 25 मार्च से 27 मार्च तक निपुण हरियाणा शिक्षक एप पर दोबारा खोले जाएंगे।
इस संबंध में महानिदेशक प्राथमिक शिक्षा हरियाणा की ओर से सभी जिला शिक्षा अधिकारियों, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों, खंड शिक्षा अधिकारियों और जिला एफएलएन समन्वयकों को निर्देश जारी किए गए हैं। विभाग द्वारा जारी मेमो के अनुसार यह निर्णय फील्ड से प्राप्त फीडबैक के आधार पर लिया गया है ताकि स्कूलों और शिक्षकों को आकलन पूरा करने के लिए अतिरिक्त समय मिल सके।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह अवसर अंतिम होगा इसलिए सभी संबंधित शिक्षक और स्कूल सुनिश्चित करें कि जिन छात्रों के आकलन अभी तक लंबित हैं उन्हें इस अवधि के दौरान पूरा कर एप पर अपडेट किया जाए। इससे छात्रों के शैक्षणिक रिकॉर्ड को समय पर संकलित करने में मदद मिलेगी।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने कहा कि सभी ब्लॉक और जिला स्तर पर इस कार्य की मॉनिटरिंग की जाएगी और लापरवाही बरतने पर जवाबदेही तय की जा सकती है।
बालवाटिका तीन से कक्षा तीन तक के जिन विद्यार्थियों का आकलन किसी कारणवश नहीं हो पाया था उनके लिए शिक्षा विभाग ने एक और अवसर प्रदान किया है। अब ये विद्यार्थी 25 से 27 मार्च के बीच अपना आकलन पूरा कर सकते हैं। सभी संबंधित स्कूलों और शिक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे लंबित आकलन समय पर पूर्ण कर निपुण हरियाणा शिक्षक एप पर अपडेट करें।
- राजेश वशिष्ठ, जिला समन्वयक, एफएलएन, जींद