04जेएनडी02-राजकीय महाविद्यालय में आयोजित पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में मेधावी छात्राओं के साथ म
जींद। राजकीय महिला महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना तत्वावधान में नशा एक अभिशाप मुहिम के अंतर्गत विस्तार व्याख्यान और पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन प्राचार्य जयनारायण गहलावत की अध्यक्षता में किया गया। संचालन कार्यक्रम अधिकारी डॉ. प्रतिभा ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में नागरिक अस्पताल के डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. रमेश पांचाल ने शिरकत की।
पोस्टरों के माध्यम से स्वयं सेविकाओं ने दिखाया कि किस प्रकार से नशा समाज को खोखला कर रहा है और युवाओं को अपनी चपेट में ले रहा है। पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में अंकिता प्रथम, नीशा द्वितीय और मनीषा और अंशिका संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रही। डॉ. रमेश पांचाल ने कहा कि अगर किसी देश का युवा नशे की चपेट में आ जाता है तो उस देश का विकास संभव नहीं है। आज के दौर में कैंसर, अस्थमा और हृदय रोग आदि का कारण भी नशा ही है। उन्होंने स्वयं सेविकाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि नशा रोकने की शुरुआत उन्हें अपने घर और आस पड़ोस से करनी होगी। प्रतियोगिता के अंत में मुख्यातिथि ने मेधावी छात्राओं को सम्मानित किया। डॉ. प्रतिभा ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से स्वयं सेविकाओं में आत्मविश्वास बढ़ता है और समाज के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का भी पता चलता है।