30जेएनडी23-आईटीआई में पेंटिंग प्रतियोगिता के विजेता छात्र और स्टाफ। स्रोत संस्थान
जींद। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में मंगलवार को एनसीसी कैडेट्स की तरफ से इको-फ्रेंडली प्लास्टिक फ्री इंडिया विषय पर पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया। इसकी अध्यक्षता प्रधानाचार्य नरेश कुमार ने की। संचालन इंचार्ज एनसीसी अधिकारी नसीब खटकड़ ने किया।
संस्थान में कुल 34 एनसीसी कैडेट्स नामांकित हैं जिनमें से 30 कैडेट्स ने इस प्रतियोगिता में भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने अपनी कला के माध्यम से प्लास्टिक मुक्त भारत बनाने का संदेश दिया और रंगों के जरिए पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और प्लास्टिक के दुष्प्रभावों को प्रदर्शित किया।
प्रतियोगिता में प्रथम अंकित, दूसरे स्थान पर किरण और तीसरे स्थान पर सुमित रहा। विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। प्रधानाचार्य नरेश कुमार ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में जागरूकता के साथ-साथ रचनात्मकता को भी बढ़ावा देते हैं। इस मौके पर वर्ग अनुदेशक केवल सिंह जुलानी, सुरेंद्र खटकड़, सरवन कुमार लाठर और जितेंद्र मौजूद रहे।