बैठक में भाग लेते राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारी। स्रोत : संघ
जींद। राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ जिला की बैठक शनिवार को पूर्व जिला प्रधान रुपेंद्र गोयत की अध्यक्षता में शहर के राजकीय प्राथमिक विद्यालय में हुई। जिला प्रधान जितेंद्र बैनीवाल ने बताया कि राज्य कार्यकारिणी के आह्वान पर प्राथमिक शिक्षकों के पिछले आठ साल से तबादले न करने के विरोध में ब्लॉक और जिला स्तर पर जुलाई महीने के पहले सप्ताह से धरना प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन दिया जाएगा।
उन्होंने मांग की कि छुट्टियों में लगने वाली ड्यूटी के बदले अर्जित अवकाश दिए जाएं। सभी प्राथमिक स्कूलों में सफाई कर्मचारी नियुक्त किया जाए। बच्चों को मिलने वाली छात्रवृत्ति की राशि समय पर डाली जाए, प्राथमिक खेलों का बजट खेलों के समय ही दिया जाए। एलटीसी का पूरा बजट डालकर कैप की शर्त को हटाया जाए। जिला महासचिव अश्वनी नैन ने कहा कि विभाग को चाहिए कि वह जेबीटी शिक्षकों के एसीपी पर 50 प्रतिशत वाली शर्त हटाकर जो अध्यापक जिस नियम के साथ भर्ती हुआ है उसी आधार पर एसीपी लगाए। जिला कोषाध्यक्ष अभिमन्यु रेढू ने कहा कि सरकार को जल्द से जल्द सभी पदों पर प्रमोशन करके 2017 वाले अध्यापकों की अंतर जिला स्थानांतरण करे, ताकि घर से दूर महिला शिक्षकों को अपने घर के नजदीक स्टेशन मिल सके। इस अवसर पर ब्लॉक प्रधान सोमदत्त नरवाना, देवीदयाल चहल जींद, राजेश चहल जुलाना, वेदप्रकाश सचिव सफीदों, सुखविंदर पिल्लुखेड़ा, रामकेश अलेवा, रविंद्र,बबलू, बलजीत चहल, अशोक मौजूद थे।