संवाद न्यूज एजेंसी
उचाना। महिला एवं बाल विकास विभाग की तरफ से मंगलवार को श्री शिव मंदिर सनातन धर्म वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय उचाना कलां में प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उचाना एवं अलेवा ब्लॉक की 205 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
परियोजना अधिकारी कांता यादव ने बताया कि प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों पर आने वाले बच्चों के पोषण स्तर में सुधार और प्रारंभिक शिक्षा को मजबूत करना है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को बच्चों की शिक्षा को मजबूत बनाने के लिए बच्चों के सर्वांगीण विकास, माता-पिता को बच्चों से अपेक्षाएं, नई शिक्षा नीति के बारे में विस्तार से बताया।
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान कार्यकर्ताओं को बताया गया कि किस प्रकार संतुलित आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच, नियमित साफ-सफाई, खेल-खेल के माध्यम से बच्चों के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और बौद्धिक विकास को बेहतर बनाया जा सकता है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं को बच्चों की उम्र के अनुसार पोषण आहार देने, साफ-सफाई पर विशेष ध्यान रखने, गर्भवती महिलाओं की देखभाल और सरकारी योजनाओं का लाभ सही लाभार्थियों तक पहुंचाने के विषय में जानकारी दी। बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा के अंतर्गत बच्चों में रुचि बढ़ाने के लिए गतिविधि आधारित शिक्षण पद्धतियों पर जोर दिया गया।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को पोषण ट्रैकर एप के बारे में विस्तार से बताया गया। बच्चों की कद, वजन के बारे में मशीनों के माध्यम से प्रदर्शन करके समझाया गया ताकि बच्चों के कुपोषण स्तर में सुधार लाया जा सके। यादव ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को कहा कि आप समाज की रीढ़ की हड्डी हैं।
बच्चों का भविष्य संवारने में पोषण और प्रांरभिक शिक्षा को सुधारने में आपकी अहम भूमिका है। इसलिए कार्यकर्ता जिम्मेदारी के साथ कर्तव्य निवर्हन करना चाहिए। इस अवसर पर सुपरवाइजर मनीषा, लक्ष्मी, अंकुश, मीना, राजबाला, पोषण ब्लॉक कॉर्डिनेटर विनोद, सत्या, प्ले स्कूल कॉर्डिनेटर अंजू, वंदना, कृष्ण, रोहताश, अमन, सुशीला मौजूद रहीं।