जींद। शहर का रोहतक रोड काफी समय से ऊबड़-खाबड़ बना है। रविवार शाम गड्ढों में अनियंत्रित एक ट्रक ने बिशंबर नगर निवासी 65 वर्षीय भतेरी को कुचल दिया। महिला रोहतक रोड पर अपनी बेटी से मिलने के लिए जा रही थी। गंभीर रूप से घायल महिला को इलाज के लिए शहर के नागरिक अस्पताल में ले जाया गया, जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर शहर थाना पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, मृतका के परिजनों ने ट्रक चालक के अलावा प्रशासन के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की है।
शहर थाना पुलिस के अनुसार महिला के बेटे बिशंबर नगर निवासी सत्यनारायण ने बताया कि उसकी मां रविवार शाम को रोहतक रोड पर उसकी बहन से मिलने के लिए जा रही थी। पेट्रोल पंप के पास पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने भतेरी को टक्कर मारकर घायल कर दिया। घायल को जब वह नागरिक अस्पताल में इलाज के लिए लेकर गए तो वहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के बेटे ने कहा कि ट्रक चालक के अलावा प्रशासन के खिलाफ भी मामला दर्ज किया जाए, पिछले कई वर्षों से रोहतक रोड उखाड़ा पड़ा है। इस बारे में कई बार अधिकारियों से लेकर विधायक तक को अवगत कराया जा चुका है लेकिन रोड का निर्माण नहीं कराया गया है। जिला प्रशासन की लापरवाही जनता पर भारी पड़ रही है। जांच अधिकारी हरिकिशन ने बताया कि अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाकर सड़क दुर्घटना को अंजाम देने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहले भी रोहतक रोड के गहरे गड्ढे ले चुके तीन जानें, फिर भी नहीं हो रहा सुधार
रोहतक रोड की बदहाली के कारण शहर वासी अब इसे मौत की सड़क के नाम से पुकारने लगे हैं। पिछले दो वर्ष में इस सड़क पर चार लोगों की मौत हो चुकी है। 2019 में रोहतक रोड पर मामा-भांजा की मौत सड़क दुर्घटना में एक साथ मौत हुई थी। इसके अलावा एक बुजुर्ग लगभग एक वर्ष पहले साइकिल पर सवार होकर पशुओं के लिए चारा लेने के लिए गया था। रास्ते में एक ट्रक चालक ने उसे टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। इसके बावजूद प्रशासन की ओर से सुधार के लिए कोई काम नहीं उठा जा रहा है।