जींद। नगर परिषद ने गुरुद्वारे के पास तीन दशक से खाली पड़ी 40 कनाल जमीन पर आधुनिक सिटी कॉम्प्लेक्स विकसित करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इस परियोजना के साकार होने से शहर को शिक्षा, संस्कृति और खेल गतिविधियों के लिए एक नया और समर्पित केंद्र मिलेगा।
नगर परिषद की ओर से सिटी कॉम्प्लेक्स के निर्माण को लेकर विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जा रही है। रिपोर्ट को मंजूरी मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू होगा। नौ फरवरी को परियोजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर रेट नेगोशिएशन की बैठक होगी।
प्रस्तावित सिटी कॉम्प्लेक्स में एक अत्याधुनिक ऑडिटोरियम, लाइब्रेरी, रिक्रिएशन सेंटर बनाया जाएगा। यहां सांस्कृतिक कार्यक्रमों, नाट्य मंचन, संगीत समारोह, सेमिनार और शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन किए जा सकेगा।
अभी तक शहर में ऐसे बड़े और सुविधाजनक ऑडिटोरियम की कमी महसूस की जा रही थी जिसके चलते स्कूलों, कॉलेजों और सामाजिक संस्थाओं को कार्यक्रम आयोजित करने में परेशानी होती थी।
इस योजना को अंतिम रुप देने के लिए बैठक पंचकूला स्थित डायरेक्टोरेट ऑफ अर्बन लोकल बॉडीज कार्यालय में होगी। बैठक में नगर परिषद जींद के कार्यकारी अधिकारी, कार्यकारी अभियंता व नगर अभियंता को संबंधित कंसल्टेंट भी मौजूद रहेंगे।
कॉम्प्लेक्स में डिजिटल लाइब्रेरी की स्थापना भी प्रस्तावित है। लाइब्रेरी में विद्यार्थियों और युवाओं के लिए आधुनिक अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध होंगी। यहां ई-बुक्स, ऑनलाइन जर्नल, प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित सामग्री और इंटरनेट की सुविधा प्रदान की जाएगी। इससे विशेष रूप से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा। वहीं फिजिकल ट्रेनिंग और रिक्रिएशन सेंटर भी बनाया जाएगा। यहां इंडोर खेल, फिटनेस गतिविधियां और मनोरंजन से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे।
वर्जन
सिटी कॉम्प्लेक्स शहर के लिए केवल एक निर्माण परियोजना नहीं बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक विकास का केंद्र बनेगा। यहां विद्यार्थियों, युवाओं और आम नागरिकों को एक ही स्थान पर कई आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर कंसल्टेंट के साथ रेट नेगोशिएशन बैठक 9 फरवरी को आयोजित होगी।
-ऋषिकेश चौधरी, कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद जींद।