22जेएनडी16: अमन जिसका हरियाणा अंडर-17 क्रिकेट टीम में चयन हुआ। स्रोत कोच
जींद। प्रतिभा सुविधाओं की मोहताज नहीं होती इसे सच कर दिखाया है जींद के एक साधारण परिवार के अमन कुमार ने। हरियाणा नेशनल क्रिकेट अकादमी के होनहार खिलाड़ी अमन का चयन हरियाणा की अंडर-17 क्रिकेट टीम में हुआ है।
अमन के माता-पिता दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बेहद सीमित संसाधनों और आर्थिक तंगी के बीच पले-बढ़े अमन ने हार नहीं मानी। पिछले चार वर्षों से वे अकादमी में अभ्यास कर रहे थे। अपनी मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति अटूट लगन के दम पर उन्होंने मैदान में लगातार शानदार प्रदर्शन किया।
उनकी इस सफलता ने साबित कर दिया कि यदि हौसले बुलंद हों तो हर बाधा को पार कर मंजिल हासिल की जा सकती है। अकादमी संचालक दीपक मलिक ने बताया कि अमन कुमार ने जींद जिले की टीम की ओर से कैथल में खेलते हुए शानदार प्रदर्शन किया था। उनके इसी खेल को देखते हुए चयनकर्ताओं ने उन्हें राज्य की टीम के लिए चुना है।
अब अमन हरियाणा का प्रतिनिधित्व करते हुए तेलंगाना के खिलाफ होने वाले मुकाबले में अपनी चमक बिखेरेंगे। उनकी इस उपलब्धि को जिले के अन्य युवाओं के लिए एक बड़ी प्रेरणा बताया है।