जुलाना में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा का स्वागत करते कार्यकर्ता। संवाद
जुलाना । कस्बे के एक गार्डन में शनिवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि देश में गठबंधन की जरूरत इसलिए पड़ी, क्योंकि संविधान बचाने के लिए भाजपा को बाहर का रास्ता दिखाने का काम कर केंद्र में गठबंधन की सरकार बनानी है। केंद्र में सरकार बनने पर कांग्रेस के जारी न्यायपत्र की सभी घोषणाओं को पूरा किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर एक साल में सभी खाली पदों को भरा जाएगा। बेरोजगारों को एक लाख रुपये सालाना भत्ता दिया जाएगा। किसानों को स्वामीनाथन रिपोर्ट के अनुसार कानूनी रूप से एमएसपी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव केवल लोकसभा के लिए नहीं, बल्कि प्रदेश में बनने वाली सरकार को भी दिखाएगा। इस अवसर पर सफीदों के विधायक सुभाष गांगोली, बरोदा के विधायक इंदुराज नरवाल, पूर्व विधायक परमेंद्र ढुल, मोहित लाठर, रोहित दलाल, धर्मेंद्र ढुल, नवीन सांगवान, प्रवीन सिहाग, ब्राह्मण सभा के प्रधान देवेंद्र शर्मा, अनिल दलाल, मनजीत लाठर मौजूद रहे।