बहादुरगढ़। कॉलोनियों और प्रॉपर्टी आईडी के बहाने बहादुरगढ़ की सियासत एक बार फिर गरमा गई है। सेक्टर दो स्थित अपने कार्यालय में प्रेस वार्ता कर पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह जून ने स्थानीय विधायक राजेश जून पर पद का दुरुपयोग कर अवैध कॉलोनियां काटने और प्रॉपर्टी आईडी में हेरफेर कर निजी लाभ उठाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि 11 नवंबर 2026 को एसडीएम बहादुरगढ़ की ओर से जारी कारण बताओ नोटिस में उनकी शिकायतों से जुड़ी अनियमितताएं सामने आई हैं।
राजेंद्र सिंह जून के अनुसार, प्रशासन की शुरुआती जांच में विधायक की पत्नी सुनीता के नाम दर्ज चार प्रॉपर्टी आईडी में गड़बड़ियां मिली हैं। हालांकि, उनका दावा है कि मामला एक मुख्य आईडी सहित कुल 29 प्रॉपर्टी आईडी और सब-आईडी से जुड़ा है।
आरोप लगाया कि अग्रवाल कॉलोनी में नाहरा-नाहरी रोड फ्लाईओवर के नीचे स्थित 6502 वर्ग गज गोदाम की जमीन पर अवैध प्लॉटिंग की गई। इस मामले में पुख्ता सबूतों के साथ मुख्यमंत्री को शिकायत सौंपी जाएगी।
पूर्व विधायक ने कहा कि चुनाव से पहले चांदी के सिक्के बांटकर जनता के सम्मान की बात करने वाले विधायक के पास आज जब कोई आम नागरिक काम लेकर उनके पास जाता है, तो उसे दुत्कार दिया जाता है। कहा जाता कि उन्होंने पैसे से वोट खरीदे हैं। बहादुरगढ़ की जनता अगले चुनाव में इस अपमान का बदला लेगी। पूर्व विधायक ने विधायक और मामले में संलिप्त अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की।
इस दौरान संदीप बराही, कमल अरोड़ा, तेजवीर दलाल, नीना सतपाल राठी, विनोद जांगड़ा सहित कई पार्षद और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पलटवार...जमीनों की रजिस्ट्री में कानून और नियमों का पूरी तरह किया गया पालन : विधायक राजेश जून
संवाद न्यूज एजेंसी
बहादुरगढ़। विधायक राजेश जून ने कांग्रेस के पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह जून द्वारा जमीनों की रजिस्ट्री में हेराफेरी को लेकर लगाए गए आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि जिन रजिस्ट्रियों को लेकर राजेंद्र जून सवाल उठा रहे हैं, उनमें कानून और निर्धारित नियमों का पूरी तरह पालन किया गया है।
विधायक राजेश जून ने कहा कि किसी भी संपत्ति की रजिस्ट्री के लिए निर्धारित नियमों और कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करना अनिवार्य होता है। यह प्रक्रिया जमीन की खरीद-फरोख्त से जुड़ी सभी रजिस्ट्रियों पर समान रूप से लागू होती है।
उन्होंने कहा कि राजेंद्र सिंह जून दो साल बाद भी अपनी चुनावी हार से उबर नहीं पाए हैं। यही कारण है कि वे आए दिन झूठी बयानबाजी कर अपनी जंग लग चुकी राजनीति को चमकाने का असफल प्रयास करते रहते हैं। मगर बहादुरगढ़ हलके की जनता अब ऐसे बयानों से गुमराह होने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि राजेंद्र जून विकास कार्यों का नारियल फोड़ने पर सवाल उठा रहे हैं, लेकिन उन्हें जनता को यह भी बताना चाहिए कि कांग्रेस सरकार के दस साल के कार्यकाल में विधायक रहते हुए उन्होंने कितने नारियल फोड़े थे।
-
-फोटो 89 : राजेश जून, विधायक।