फोटो कैप्शन 3एसएफडीएम7स्टेट विजिलेंस की तकनीकी टीम के कार्यकारी अभियंता जय सिंह जानकारी देते ह
सफीदों। मुआना में पंचायत की ओर से कराए गए विकास कार्यों में गड़बड़ी की शिकायत मिलने पर पर शुक्रवार को पंचकूला से स्टेट विजिलेंस की तकनीकी टीम जांच के लिए गांव पहुंची। टीम ने गांव में विभिन्न विकास कार्यों का भौतिक सत्यापन किया और गलियों, तालाब सहित अन्य निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया।
विजिलेंस के कार्यकारी अभियंता जय सिंह के नेतृत्व में पहुंची टीम में एसडीओ ध्रुव कुमार, जेई अंकित और हेड कांस्टेबल अनूप भी शामिल रहे। जय सिंह ने बताया कि तीन दिन पहले गांव मुआना निवासी सतपाल ने शिकायत दी थी और आरोप लगाया था कि चार वर्षों में पंचायत की ओर से कराए गए कई विकास कार्यों में धांधली हुई है।
शिकायत के आधार पर मौके का निरीक्षण किया गया है। अब निर्माण कार्यों के सैंपल लेकर लैब भेजे जाएंगे। जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित रिकॉर्ड का मिलान किया जाएगा। यदि रिकॉर्ड और मौके की स्थिति में अंतर मिला तो नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी। जांच के दौरान संबंधित कार्यों के सैंपल लेने की प्रक्रिया भी शुरू की गई जिन्हें परीक्षण के लिए लैब भेजा जाएगा।
आईटीआई परिसर में मिट्टी का भराव नहीं किया गया
शिकायतकर्ता सतपाल ने आरोप लगाया है कि आईटीआई परिसर में निर्धारित मानकों के अनुसार मिट्टी का भराव नहीं किया गया है। इसके अतिरिक्त खेतों की पलटी में पीली ईंटों का प्रयोग किया गया है। गलियों के निर्माण कार्य में भी अनियमितता बरती गई है। तालाब की खुदाई व स्टेडियम में मिट्टी भराव के कार्यों में गड़बड़ी पाई गई हैं। कुछ स्थानों पर गलियों में रोड़ा (गिट्टी) भी नहीं डाला गया है।
बाक्स
गांव के विकास कार्य पूरी पारदर्शिता से कराए गए हैं और किसी प्रकार की धांधली नहीं हुई। विजिलेंस टीम निष्पक्ष जांच करे, पंचायत जांच में पूरा सहयोग करेगी। उन्हें विश्वास है कि जांच में सभी आरोप बेबुनियाद साबित होंगे।
-श्यामलाल शर्मा, सरपंच