16जेएनडी29 : पत्रकारों से बातचीत करते देव हिंदू मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष दलजीत मलिक।
जींद। देव हिंदू मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष दलजीत मलिक ने कहा कि जुलाना में आज तक जितने भी विधायक रहे हैं, उन्होंने जुलाना की पूरी तरह से अनदेखी की है। इसी कारण आज जुलाना विकास के मामले में पिछड़ा हुआ है। मलिक मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
दलजीत मलिक ने कहा कि अब तक जुलाना से बने विधायक यदि जुलाना का विकास चाहते तो जुलाना में औद्योगिक क्षेत्र स्थापित हो जाता। इसके बाद यहां हजारों युवाओं को रोजगार मिलता। जुलाना में बरसाती पानी निकासी का स्थायी प्रबंध आज तक नहीं हुआ है। इस कारण हर वर्ष बरसात में किसानों की सैकड़ों एकड़ फसल पानी में डूब जाती है। सफाई के नाम पर तो कागजों में लाखों रुपये खर्च कर दिए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर सफाई नहीं होती। किसान अपने स्तर पर भी बरसाती पानी निकासी के लिए प्रयास करते हैं, लेकिन उनकी फसल तब तक खराब हो चुकी होती है। मलिक ने कहा कि जुलाना में न तो कोई अच्छा पार्क है और न ही बस अड्डा पूरी तरह से चालू हो पाया है।