16जेएनडी17 : शहर के एक पार्क में दो जगह लगाई जा रही आग से उठता धुंआ। संवाद
जींद। जिले में वायु प्रदूषण कम होने का नाम नहीं ले रहा है। चार दिन से लगातार वायु प्रदूषण बढ़ रहा है। शनिवार को जिले में वायु प्रदूषण ने अभी तक के रिकॉर्ड तोड़ दिए। औसतन एक्यूआई 394 दर्ज किया गया, जबकि यह अधिकतम 500 तक पहुंच गया था। इससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है । सुबह धुंध के साथ पूरा जिला स्मॉग की चादर से ढका रहा। अस्थमा के रोगियों को इससे ज्यादा परेशानी हो रही है।
दीपावली के बाद जिले में वायु प्रदूषण कम होने का नाम नहीं ले रहा है। क्योंकि धुंध के कारण भारी होकर धुएं के कण वायु में तैर रहे हैं। इस कारण भी वायु प्रदूषण बढ़ गया है। वायु प्रदूषण बढ़ने से सबसे ज्यादा परेशानी बुजुर्गों और बच्चों को हो रही है। जिन बुजुर्गों को पहले ही अस्थमा की शिकायत है, उनको तो और ज्यादा दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। इन बुजुर्गों को सांस लेने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिले में ग्रैप-3 के नियम लागू हो चुके हैं, मगर सड़कों पर धूल उड़ रही है। प्रशासन ने दीपावली के बाद तो दो-तीन दिन सड़कों पर पानी का छिड़काव करवाया, लेकिन अब नहीं किया जा रहा है। इसके अलावा कई स्थानों पर अब भी धूल उड़ती देखी जा सकती है।
रोडवेज चला रहा बीएस-4 बसें
जींद जिला एनसीआर में होने के कारण यहां बीएस-4 बसों को नहीं चलाया जा सकता। इसके बावजूद ग्रामीण रूटों पर बीएस-4 बसें चलाई जा रही हैं। रोडवेज के पास 7-8 बस बीएस-4 हैं। ऐसे में इन बसों को एनसीआर क्षेत्र में नहीं चलाया जा सकता। पहले इन बसों को दिल्ली की तरफ भी भेजा जाता था, लेकिन अब वहां बीएस-6 बसों को भेजा जाता है।
शनिवार को कार्यालय में ही काम था, इसलिए जांच के लिए नहीं जा पाए। रविवार को पूरे जिले में वायु प्रदूषण को लेकर जांच शुरू की जाएगी। अभी तक दो फैक्टरियों के नोटिस दिए गए हैं। इसके अलावा तीन जनरेटर भी सील किए गए हैं। -अनिल कुमार, वैज्ञानिक बी-एसडीओ, जींद
16जेएनडी17 : शहर के एक पार्क में दो जगह लगाई जा रही आग से उठता धुंआ। संवाद