नचारखेड़ा गांव की रहने वाली 25 वर्षीय महिला दर्शना ने नरवाना के नागरिक अस्पताल में वीरवार को नार्मल डिलिवरी से बेटी का जन्म हुआ था। महिला को पहले भी दो बेटियां थीं। लेकिन जब दर्शना को पता लगा की तीसरी बार भी बेटी हुई है तो सदमे में आ गई। इससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। इस दौरान उसके पति अनिल और परिजनों ने समझाया, पर उसकी तबीयत में सुधार नहीं हुआ। अनिल ने बताया कि पत्नी की तबीयत बिगड़ती देखकर वहां पर तैनात स्टाफ ने उसको नागरिक अस्पताल जींद रेफर कर दिया। वह उसे लेकर नागरिक अस्पताल के गायनी वार्ड में पहुंचता ही था कि उसकी मौत हो गई। महिला की मौत की सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना प्रभारी हरिओम नागरिक अस्पताल पहुंचे और परिजनों से बातचीत की। लेकिन उन्होंने किसी को मौत का जिम्मेदार नहीं ठहराया। बिना पोस्टमार्टम करवाए ही शव लेकर चले गए।