उचाना। गीता विद्या मंदिर स्कूल की छात्रा दीपांशी जैन ने हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 10वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम के पुनर्मूल्यांकन के बाद प्रदेश में संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त कर स्कूल, परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया।
स्कूल की छात्रा हार्दिका, हिमांशी और जन्नत ने प्रदेश में संयुक्त रूप से चौथा स्थान, स्नेहा ने छठा, मुस्कान ने सातवां और वंशिका, सक्षम, सपना और सुरभि ने आठवां स्थान प्राप्त किया। इस उपलब्धि पर सतपाल गोयल के नेतृत्व में विद्यार्थियों का खुली जीप में सम्मान जुलूस निकाला गया। शहरवासियों ने जगह-जगह विद्यार्थियों का फूल-मालाओं से स्वागत कर उनकी सफलता पर खुशी व्यक्त की।
स्कूल प्रबंधन समिति के चेयरमैन सुरेंद्र जैन और सचिव आरके गोयल ने कहा कि विद्यालय के विद्यार्थी लगातार पिछले पांच वर्षों से प्रदेश स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। होनहार विद्यार्थी न केवल स्कूल बल्कि पूरे क्षेत्र की शान होते हैं और उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनती है।
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वर्तमान समय प्रतिस्पर्धा का है और सफलता का एकमात्र आधार मेहनत एवं शिक्षा है। जिस लगन और परिश्रम से उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है, उसी समर्पण के साथ आगे भी अपने सपनों को पूरा करने का प्रयास करें। जीवन में कभी निराश नहीं होना चाहिए, क्योंकि हो सकता है अगली ही कोशिश सफलता लेकर आए।
ऐसे सम्मान समारोह विद्यार्थियों के भीतर आगे बढ़ने और बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा देते हैं। इस अवसर पर पूर्व मार्केट कमेटी चेयरमैन रामनिवास बुडायन, पूर्व मंडी प्रधान सत्यनारायण मखंड, वाइस प्रिंसिपल हरपाल, सत्यवान, अजय, कुलदीप, भारत, सुमन नैन, शीनू, अनिल जैन, जस्सा कापड़ो, कृष्ण जैन मौजूद रहे।