संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। जिले के मोरखी, खेड़ी मसानियां व शहर की रामकालोनी समेत अन्य कई स्थानों पर हुई सूअरों की मौत के बाद पशुपालन विभाग अलर्ट हो चुका है। जिसके चलते विभाग ने मृत सूअरों की जांच के लिए टीम का गठन किया है। शुक्रवार को कई स्थानों से टीम ने सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे। अब सोमवार को जांच रिपोर्ट आने के बाद विभाग की टीम बचाव के लिए कार्य करेगी।
पशुपालन विभाग के एसडीओ डॉ. राजसिंह बैनीवाल ने बताया कि विभाग को सूअरों के मरने की सूचना मिली थी, लेकिन जांच के लिए गए तो सूअरों को दबाया जा चुका था। इसके बावजूद भी कई जगह से सैंपल लेकर लैब में भेजे गए हैं। उन्होंने कहा कि विभाग लगातार अफ्रीकन स्वाइन फीवर को लेकर अलर्ट है। अगर जांच रिपोर्ट में मौत का कारण अफ्रीकन स्वाइन फ्लू मिला तो पूरे जिले में बचाव को लेकर टीकाकरण समेत अन्य सावधानियां बरतने के लिए पशुपालकों को जागरूक किया जाएगा।
अब तक जिले में कई स्थानों पर हुई सूअरों की मौत
पिछले एक सप्ताह से जिले में आए दिन कहीं न कहीं सूअरों की मौत होने के बाद पशुपालक सामने आ रहे हैं। हालांकि बच्चों की मौत के मामले ज्यादा हैं। इसके बावजूद भी विभाग जांच रिपोर्ट के इंतजार में हैं।