जींद। कुंदन सिनेमा के पास सड़क के बीच खड़ी गाड़ी को हटाने को लेकर चालक तथा उसके दोस्तों ने दो अधिवक्ताओं पर हमला कर दिया। हमलावर एक अधिवक्ता की जेब से चार हजार रुपये निकाल लिए। शहर थाना पुलिस ने दो लोगों को नामजद कर कुछ अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
निर्जन गांव निवासी अधिवक्ता गौरव ने शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह कोर्ट का काम निपटाकर स्कूटी लेकर बाजार की तरफ जा रहा था। कुंदन सिनेमा के निकट सड़क पर बीच में गाड़ी खड़ी थी। उसकी वजह से रास्ता बाधित हो रहा था। उसने चालक को गाड़ी साइड करने के लिए कहा तो वह गाली-गलौज पर उतर आया। इसके बाद वह गाड़ी लेकर चला गया। कुछ समय के बाद वह अपने साथियों के साथ वहां पर आया और उस पर हमला कर दिया। उसके साथी अधिवक्ता दक्ष ने बचाने की कोशिश की तो आरोपियों ने उन पर भी हमला बोल दिया। हमले में दोनों को काफी चोटें आई हैं। जांच अधिकारी सतीश कुमार ने बताया कि अधिवक्ता गौरव की शिकायत पर जतिन और जोगेंद्र को नामजद कर चार-पांच अन्य के खिलाफ मारपीट व छीना-झपटी करने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।