04जेएनडी29: हमेटी में आयोजित प्रशिक्षण शिविर में मनोवैज्ञानिक नरेश जागलान के साथ मौजूद महिलाए
जींद। हरियाणा कृषि प्रबंधन एवं विस्तार प्रशिक्षण संस्थान में अनुसूचित जाति महिला किसानों के लिए सुरक्षित छिड़काव तकनीक व कीटनाशकों के सुरक्षित उपयोग पर पांच दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम मंगलवार से शुरू हुआ। कार्यक्रम में हरियाणा के विभिन्न जिलों से करीब 100 महिला किसान भाग ले रही हैं। कार्यक्रम में डॉ. वजीर चौहान ने कहा कि सुरक्षित स्प्रे तकनीकों को अपनाकर स्वास्थ्य संबंधी जोखिमों को काफी हद तक कम किया जा सकता है। इससे अनावश्यक कीटनाशकों के प्रयोग में भी कमी आएगी। उन्होंने महिला किसानों को कृषि उद्यमिता अपनाने और टिकाऊ खेती की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इसमें स्प्रे उपकरणों का सही उपयोग, कैलिब्रेशन, पर्सनल प्रोटेक्टिव इक्विपमेंट (पीपीई) का प्रयोग, कीटनाशकों का सुरक्षित भंडारण तथा प्राथमिक उपचार की जानकारी दी। इस दौरान मनोवैज्ञानिक नरेश जागलान ने महिलाओं को तनाव प्रबंधन और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए तनाव से बचाव के उपाय बताए। उन्होंने कहा कि शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी उतना ही आवश्यक है। संवाद