22जेएनडी10:राजकीय महाविद्यालय जींद। संवाद
जींद। सरकारी कॉलेजों में नए शैक्षणिक सत्र के लिए स्नातक कक्षाओं में प्रवेश प्रक्रिया का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। इस बार दाखिला ऑनलाइन माध्यम से होगा जिसमें विद्यार्थियों को निर्धारित तिथियों के अनुसार आवेदन करना होगा।
कॉलेज प्रशासन ने सभी कार्यक्रमों, पाठ्यक्रमों, विषयों और सीटों की जानकारी पोर्टल पर अपलोड कर दी है ताकि अभ्यर्थियों को परेशानी न हो। ऑनलाइन पंजीकरण सात मई से शुरू होगा और 31 मई तक चलेगा।
इसके बाद विद्यार्थी एक जून तक अपने आवेदन पत्र में ओटीपी आधारित संशोधन कर सकेंगे। दो जून को सभी आवेदकों की सूची जारी की जाएगी जिसमें यदि कोई त्रुटि या आपत्ति होगी तो उसे ठीक करने का अवसर दिया जाएगा। दस्तावेजों का सत्यापन नौ मई से छह जून तक कॉलेज स्तर पर किया जाएगा।
पहली मेरिट सूची 11 जून को जारी होगी। इसके आधार पर 12 जून से 15 जून तक फीस जमा करवाई जाएगी। दूसरी मेरिट सूची 17 जून को जारी होगी और इसके लिए फीस जमा करने की तिथि 18 जून से 22 जून निर्धारित की गई है।
इसके बाद बची हुई सीटों के लिए 24 जून से फिजिकल काउंसलिंग आयोजित की जाएगी। कॉलेजों में कला, वाणिज्य, विज्ञान, कंप्यूटर एप्लीकेशन और व्यवसाय प्रशासन सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों में सीटें निर्धारित की गई हैं। प्रवेश प्रक्रिया की निगरानी के लिए सुमन को नोडल अधिकारी और पूनम को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
वर्जन
कॉलेजों में स्नातक स्तर पर दाखिला प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी। पारदर्शिता के लिए पोर्टल पर सीटों और पाठ्यक्रमों का विवरण अपलोड कर दिया गया है। विद्यार्थी निर्धारित समय सीमा में आवेदन व दस्तावेज सत्यापन प्रक्रिया पूरी करें।
-सुमन, नोडल अधिकारी, जींद।