05जेएनडी17 : जिला निर्वाचन अधिकारी मोहम्मद इमरान रजा। संवाद
जींद। लोकसभा चुनाव में इस बार दिव्यांग व बुजुर्ग मतदाताओं को घर से मतदान केंद्र तक लाने तथा वापस घर छोड़ने की पूरी व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए प्रशासनिक टीम गठित की गई है। इसके अलावा मतदान केंद्र पर महिलाओं, बुजुर्गों तथा दिव्यांगों के लिए अलग से लाइन लगवाई जाएगी।
शुक्रवार को चुनाव से जुड़े अधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी मोहम्मद इमरान रजा ने कहा कि लोकसभा चुनाव में चुनाव आयोग के निर्देशानुसार सभी बूथों पर पुख्ता इंतजाम होने चाहिए। प्रत्येक मतदान केंद्र पर मतदाता सहायक बूथ बनाए जाएं। इसमें बीएलओ एवं अन्य कर्मचारी मतदाताओं को उनके मतदान केंद्र क्रमांक एवं मतदाता सूची में उनके नाम की क्रम संख्या अंकित करने में सहयोग करेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सिविल सर्जन को सेक्टर के अनुसार आवश्यक दवाओं के साथ मोबाइल पेट्रोलिंग यूनिट संचालित करने का भी निर्देश दिए गए हैं। यह मोबाइल वैन हर घंटे प्रत्येक मतदान केंद्र का दौरा करेगी। दिव्यांग व्हीलचेयर लेने और सेवाओं का लाभ उठाने के लिए ईसीआई ऐप पर पंजीकरण कर सकते हैं।
मतदान केंद्रों पर तीन अलग-अलग लाइनें लगाई जाएंगी
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर मतदाताओं की सुविधा के लिए तीन लाइन की व्यवस्था होगी। एक लाइन में पुरुष मतदाता, दूसरी लाइन में महिला मतदाता और तीसरी लाइन में दिव्यांग और बुजुर्ग मतदाताओं के लिए अलग-अलग लाइन होंगी।