जींद। शहर की तीन गैस एजेंसियों पर सिलिंडर नहीं पहुचने पर वितरण व्यवस्था चरमरा गई। प्रशासन की निगरानी में कमी के चलते सोमवार को शहर के हुडा ग्राउंड में हालात बेकाबू हो गए। सुबह पांच बजे से लाइन में लगे सैंकड़ों उपभोक्ताओं को दोपहर ढाई बजे तक भी एक भी सिलिंडर नहीं मिला। इससे नाराज लोगों ने गोहाना रोड पर जाम लगा दिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
हुडा ग्राउंड में पारस गैस एजेंसी सिलिंडर वितरित करती है। पिछले कई दिनों से वितरण व्यवस्था पूरी तरह ठप है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि न तो सिलिंडर की पर्याप्त सप्लाई है और न ही वितरण को लेकर कोई ठोस व्यवस्था है। लोगों को रोजाना घंटों लाइन में लगने के बावजूद खाली हाथ लौटना पड़ रहा है।
सोमवार को स्थिति तब और बिगड़ गई जब करीब 500 उपभोक्ता सुबह से लाइन में लगे रहे लेकिन दोपहर तक वितरण शुरू नहीं हुआ। महिलाओं, बुजुर्गों और ग्रामीणों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। कई महिलाएं बिना खाना खाए ही सुबह जल्दी घर से निकल गई थीं ताकि समय पर सिलिंडर मिल सके। इसके बावजूद घंटों इंतजार के बाद भी उन्हें निराशा ही हाथ लगी।
अधिकतर शहर में बिगड़े हालात
सोमवार को शहर में मॉडर्न गैस एजेंसी, भारत व पारस गैस एजेंसी पर सिलिंडर की गाड़ी नहीं पहुंची। इसके हजारों लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। इसकी सूचना भी पहले उपभोक्ताओं तक पहुंचाने की व्यवस्था नहीं है।
जाम के चलते सड़क पर लगी वाहनों की कतार
स्थिति बिगड़ने पर गुस्साए उपभोक्ताओं ने गोहाना रोड पर जाम लगा दिया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम खुलवाया। सिविल लाइन थाना प्रभारी पूजा देवी ने मौके पर पहुंचकर उपभोक्ताओं को जल्द सिलिंडर उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया तब जाकर लोग शांत हुए। हालांकि इसके भी एक घंटे बाद तक सिलिंडर वितरण का काम शुरू नहीं हो पाया।
जिले में पिछले एक सप्ताह से गैस संकट गहराता जा रहा है लेकिन प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया। न तो अतिरिक्त सप्लाई सुनिश्चित की गई और न ही वितरण व्यवस्था को व्यवस्थित करने के लिए कोई विशेष योजना बनाई गई। इसका खामियाजा सीधे तौर पर आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ताओं की स्थिति और भी बदतर है। इन्हें रोजाना कई किलोमीटर दूर आकर लाइन में लगना पड़ रहा है।
- अभिषेक, उपभोक्ता
मौके पर नहीं मिले गैस एजेंसी कर्मचारी
गोहाना रोड पर जाम लगा रहे उपभोक्ताओं को जब समझाकर हुडा ग्राउंड लाया गया तो वहां गैस एजेंसी के कर्मचारियों को बुलाया गया। लेकिन वहां कोई भी कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। इससे लोगों का गुस्सा और बढ़ गया। उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि एजेंसी पूरी तरह मनमानी कर रही है और प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है।
तीन दिन से लगातार सिलिंडर लेने आ रहा हूं और खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। खेती, पशुपालन और परिवार के अन्य काम प्रभावित हो रहे हैं। रोजाना आने-जाने में खर्च भी बढ़ रहा है। गांवों में सिलिंडर की आपूर्ति सुनिश्चित की जानी चाहिए।
- कर्मजीत, गांव गतौली
सुबह पांच बजे गांव से चली थी ताकि समय पर सिलिंडर मिल सके और घर लौटकर काम कर सकें। लेकिन दोपहर बाद तक भी सिलिंडर नहीं मिला। अब वापस जाने में भी परेशानी होगी क्योंकि गांव के लिए सीधी परिवहन सुविधा नहीं है। पिछले दस दिन से घर में सिलिंडर खत्म है जिससे परिवार को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
- गीता, हथवाला
सोमवार को तीन एजेंसियों को गैस नहीं मिली। एजेंसी संचालकों को उम्मीद थी कि दोपहर तक गाड़ी आ जाएगी लेकिन सिलिंडर नहीं मिलने की सूचना एजेंसी संचालकों ने उपभोक्ताओं को नहीं दी। इसके कारण परेशान हुए उपभोक्ताओं ने गोहाना रोड पर जाम लगाया। उम्मीद है कि मंगलवार को उपभोक्ताओं को सिलिंडर मिल जाएंगे।
- अजय कुमार, नोडल अधिकारी, गैस सप्लाई
23जेएनडी11: गोहाना रोड पर पुलिस कालोनी के सामने गैस सिलिंडर की मांग को लेकर जाम लगाते उपभोक्ता
23जेएनडी11: गोहाना रोड पर पुलिस कालोनी के सामने गैस सिलिंडर की मांग को लेकर जाम लगाते उपभोक्ता
23जेएनडी11: गोहाना रोड पर पुलिस कालोनी के सामने गैस सिलिंडर की मांग को लेकर जाम लगाते उपभोक्ता
23जेएनडी11: गोहाना रोड पर पुलिस कालोनी के सामने गैस सिलिंडर की मांग को लेकर जाम लगाते उपभोक्ता