जींद। एडीसी डॉ. हरीश वशिष्ठ ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में प्रशासनिक स्तर पर ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। सड़क सुरक्षा के तहत योजनाबद्ध तरीके से कार्य करते हुए आमजन को जागरूक करने की दिशा में सार्थक कदम उठाए जा रहे हैं।
एडीसी डॉ. हरीश वशिष्ठ बुधवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में सड़क सुरक्षा को लेकर अधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। एडीसी डॉ. हरीश वशिष्ठ ने लोक निर्माण विभाग व अन्य विभागों के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जिला में जितने भी गांवों है और एक सड़क दूसरे गांवों से टच करती है उन सभी गांवों में सफेद पट्टी, रिफलेक्टर, साईन बोर्ड इत्यादि लगवाना सुनिश्चित करें। जिला की सीमा के भीतर से गुजरने वाले राष्ट्रीय व राज्य राजमार्गों पर अवैध कटों को तुरंत बंद कराया जाए।
सर्दी के चलते अब धुंध भी होने लगी है, आने वाले दिनों में ज्यादा बढ़ेगी, ऐसे में धुंध के मौसम को देखते हुए सड़कों पर लाइट, रिफ्लेक्टर व सफेद पट्टी को शीघ्रता से लगाने के निर्देश दिए। दुर्घटना संभावित क्षेत्रों पर विशेष फोकस होना चाहिए। इतना ही नहीं मौसम में आने वाले बदलाव के मद्देनजर सड़क सुरक्षा के अंतर्गत पहले से ही पूरी तैयारी सुनिश्चित की जाएं। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों को चालान करना सुनिश्चित करें। शहर के सभी प्रवेश व निकास प्वांइट पर रोड मार्किंग, सेफ्टी डिवाइस जैसे रोड स्टंड्स, कैट्स आई, बनाए जाएं। अवैध रूप से सड़क पर वाहनों को न खड़े रहने दिया जाए।
टूटे सीवरेज के ढक्कन व मेनहोल को ठीक करवाएं अधिकारी
उन्होंने नगर परिषद के अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर में जिस भी जगह सीवरेज के ढक्कन, मेनहोल टूटे है उन्हें तुरंत ठीक करवाएं। उन्होंने प्रादेशिक परिवहन प्राधिकरण के अधिकारियों को कहा कि वे एक टोल फ्री नंबर चालू करवाएं। जिससे आमजन उस पर सड़क पर कहीं गड्ढा, सीवरेज ढक्कन, सफेद पट्टी, रिफलेक्टर, साईन बोर्ड आदि की सूचना इस नंबर पर दें सकें। इस अवसर पर सफीदों के एसडीएम मनीष कुमार फौगाट, नरवाना के एसडीएम अनिल कुमार दून, आरटीए सुनील कुमार, एसीयूटी अंकित चौकसे, वन मंडल अधिकारी रोहताश बिरथल व अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।