जींद। व्यक्ति को बंधक बनाकर मारपीट करने, जान से मारने की धमकी देने व जातिसूचक गालियां देने के मामले में पुलिस ने आरोपी न्यू कृष्णा कॉलोनी निवासी 22 वर्षीय तुषार उर्फ बच्ची को गिरफ्तार कर लिया है।शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में भगत सिंह कॉलोनी निवासी सत्यनारायण ने कहा कि वह ट्रक चलाता है। करीब दो महीने से घर पर रहता है। 23 अक्तूबर की रात 9 बजे वह गोहाना रोड बाईपास स्थित बहन के घर जा रहा था। जब वह कृष्णा कॉलोनी रेलवे लाइन के पास पुल के नीचे पहुंचा तो कृष्णा कॉलोनी निवासी तुषार उर्फ बच्ची व सात अन्य लड़कों ने उसे धक्के से अपनी गाड़ी में डाल लिया और प्लॉट में ले जाकर उसको लाठी-डंडों से मारा। उसके पर्स से 7200 रुपये और मोबाइल निकाल लिए। बाद में केस वापस लेने के नाम पर उसे जातिसूचक गालियां दीं। डीएसपी जोगेंद्र सिंह ने कहा कि मामले में तुषार उर्फ बच्ची को नामजद कर सात अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। अब तुषार उर्फ बच्ची को गिरफ्तार कर लिया है। संवाद