विदेश भेजने के नाम पर 2.27 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में पुलिस ने कर्नाटक के कोपाल जिले के होलिसानगर निवासी अक्षय को काबू किया है।
साइबर क्राइम थाना पुलिस को दी शिकायत में शामलो कलां निवासी कृष्ण ने कहा कि उनकी भतीजी जिया जालंधर में लवली यूनिवर्सिटी में पढ़ती हैं। उनको टेलीफोन पर बताया कि उनके पास एक नंबर से कॉल आई, जिसने अपना नाम अक्षय बताया था और कहा कि वह प्रोडक्शन मार्क का मालिक है। वह विदेश भेजने का काम करता है। उसकी भतीजी जिया भी विदेश जाना चाहती थी और उसने उससे संपर्क किया। उसने उससे कहा कि आपको पहले 2.27 लाख रुपये देने होंगे। उन्होंने आरोपी को यह राशि ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के माध्यम से दी। इसके बाद आरोपी ने फोन उठाना बंद कर दिया और उसकी भतीजी को विदेश भी नहीं भेजा। जांच अधिकारी एएसआई प्रवीण कुमार ने कहा कि पुलिस ने आरोपी अक्षय को काबू कर लिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।