जींद। शहर की प्राइवेट लोको कालोनी में गली से गुजर रहे दो युवकों पर ईंटों और डंडों से हमला करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान प्राइवेट लोको कालोनी निवासी हरपाल उर्फ हैप्पी के तौर पर हुई।आरोपी को अदालत में पेश कर जिला जेल भेज दिया गया है।
प्राइवेट लोको कालोनी निवासी रोकी ने सिटी थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसकी कालोनी के ही युवक सुमित के साथ दोस्ती है। कुछ दिन पहले सुमित और मेहरू का किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। 30 जून शाम को वह और सुमित लोको कालोनी की मार्केट से घर आ रहे थे। जब वह मेहरू के घर के पास पहुंचे तो तभी मेहरू, हरपाल, गुरमेल, महेंद्र सिंह, महेंद्र सिंह की पत्नी, गुरमले की पत्नी और हरपाल की पत्नी गली में खड़े थे। उन्होंने रास्ता रोककर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। हरपाल ने कस्सी से सुमित के सिर पर हमला कर दिया। उसके बाद वह वहीं गिर गया। जब वह सुमित को छुड़वाने लगा तो मेहरू ने उसके सिर पर बैट मारा। गुरमेल ने ईंट मारी जबकि हरपाल ने सुमित के सिर पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए थे। शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिन्हें देखकर हमलावर उन्हें जान से मारने की धमकी देकर भाग गए थे। पुलिस ने इस मामले में मेहरू, हरपाल, गुरमेल, महेंद्र सिंह, महेंद्र सिंह की पत्नी, गुरमले की पत्नी और हरपाल की पत्नी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी थी।
जांच अधिकारी डीएसपी रोहताश ढुल ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में आरोपी हरपाल उर्फ हैप्पी को गिरफ्तार कर उसे अदालत में पेश कर जिला जेल भेज दिया है।