नरवाना। परशुराम चौक स्थित एक न्यूरो थेरेपी क्लीनिक में हुई चोरी की वारदात का शहर थाना पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी गांव सुंदरपुर निवासी सौरव को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर 700 रुपये और गैस सिलिंडर बरामद कर लिया है। अन्य चोरी किए गए सामान की बरामदगी के लिए पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
प्रभारी पूर्णदास ने बताया कि गांव फरैन कलां निवासी आशीष ने शिकायत दर्ज कराई थी कि परशुराम चौक स्थित उनकी वेदाशिष न्यूरो थेरेपी क्लीनिक का ताला तोड़कर अज्ञात चोर दो मसाज मशीनें, एक गैस सिलिंडर, गल्ले से 5,200 रुपये और अन्य सामान चोरी कर ले गए।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और तकनीकी जांच के आधार पर गांव सुंदरपुर निवासी सौरव की पहचान की और गिरफ्तार लिया।
पुलिस ने लोगों से दुकानों और प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, मजबूत ताले लगाने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस या डायल-112 पर देने की अपील की है। संवाद