संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। शहर के हकीकत नगर में लगभग एक माह पहले दो युवक घर से बुलाकर युवक को ले गए और उसे रात भर बंधक बनाकर पीटा। उसे जान से मारने की कोशिश की। सदर थाना पुलिस ने इस मामले में कॉलोनी के ही दीपक उर्फ दीपू को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस दूसरे आरोपी बारे में पूछताछ कर रही है।
हकीकत नगर निवासी युवती मंजू ने सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि नौ सितंबर शाम को उसके भाई प्रदीप को कॉलोनी के ही दीपू और शेरा बाहर घूमने के लिए घर से बुलाकर ले गए थे। उसके बाद देर रात तक भी उसका भाई घर नहीं लौटा था। जब उसने उसके भाई के मोबाइल फोन पर बार-बार कॉल की लेकिन उसका नंबर बंद मिला। अगले दिन उसके नंबर पर किसी अज्ञात ने कॉल कर बताया कि उसका भाई प्रदीप अहिरका गांव के रहबाहा पुल के पास पड़ा हुआ है और उसको चोटें लगी हैं। वह और उसका छोटा भाई संजय तुरंत मौके पर पहुंचे तो देखा कि प्रदीप वहां पड़ा हुआ था और उसको चोटें लगी हुई थीं।
पूछने पर उसने बताया कि दीपक उर्फ दीपू और शेरा ने नुकीली चीज से उसको रातभर पीटा। फिर उसे जान से मारने की कोशिश की। वह तुरंत उसे उपचार के लिए नागरिक अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया था। उन्होंने उसे हिसार के एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया था। पुलिस ने इस मामले में दीपू और शेरा के खिलाफ मारपीट करने तथा धमकी देने और हत्या करने की कोशिश करने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। जांच अधिकारी कुलबीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में कॉलोनी के ही दीपक उर्फ दीपू को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।