संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय में स्नातक प्रवेश प्रक्रिया के दौरान विद्यार्थियों की सुविधा के लिए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की ओर से हेल्प डेस्क स्थापित किया गया है। परिषद तीसरे वर्ष विश्वविद्यालय में निशुल्क फोटोस्टेट सेवा के साथ प्रवेश संबंधी मार्गदर्शन भी उपलब्ध करा रही है।
एबीवीपी विश्वविद्यालय इकाई अध्यक्ष सतविंदर ढिल्लों ने बताया कि हेल्प डेस्क पर कार्यकर्ता ऑनलाइन आवेदन, दस्तावेज सत्यापन, मेरिट सूची, फीस जमा करने की प्रक्रिया और विश्वविद्यालय की विभिन्न अधिसूचनाओं की जानकारी दे रहे हैं। जिन विद्यार्थियों के पास दस्तावेजों की फोटोस्टेट उपलब्ध नहीं है, उन्हें निशुल्क प्रतियां भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि हर वर्ष प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में विद्यार्थी प्रवेश लेने आते हैं। प्रक्रिया की जानकारी के अभाव में उन्हें कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इन्हीं समस्याओं को देखते हुए परिषद पिछले तीन वर्षों से प्रवेश सहायता केंद्र संचालित कर रही है, जिसका हजारों विद्यार्थी लाभ उठा चुके हैं।
विश्वविद्यालय इकाई उपाध्यक्ष नवीन कुंडू ने कहा कि एबीवीपी केवल छात्र हितों की आवाज उठाने वाला संगठन नहीं, बल्कि सेवा और राष्ट्र निर्माण की भावना से भी कार्य करता है। वहीं, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य रोहन सैनी ने कहा कि परिषद का उद्देश्य प्रत्येक विद्यार्थी को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और हर संभव सहयोग उपलब्ध कराना है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि प्रवेश प्रक्रिया के दौरान किसी भी समस्या पर वे एबीवीपी हेल्प डेस्क से संपर्क करें।