जींद। अनूपगढ़ के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने तूड़ी से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई। दुर्घटना को अंजाम देकर ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। सदर थाना पुलिस ने इस मामले में अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाकर दुर्घटना को अंजाम देने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उझाना गांव निवासी इमरत ने सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका 25 वर्षीय बेटा निक्का तूड़ी भरने और उतारने का कार्य करता था। छह नवंबर को उसका बेटा अपने साथियों के साथ नरवाना से ट्रैक्टर-ट्रॉली में तूड़ी भरकर दिल्ली बेचने के लिए जा रहा था। जब वह ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर अनूपगढ़ गांव के पास पहुंचे तो सामने से तेज गति से आ रहे ट्रक ने उनके ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। इससे निक्का सड़क पर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। उसको उपचार के लिए हिसार के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान निक्का ने दम तोड़ दिया। दुर्घटना को अंजाम देकर चालक ट्रक समेत मौके से फरार हो गया। जांच अधिकारी एएसआई विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाकर दुर्घटना को अंजाम देने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।