नरवाना। राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नरवाना में दसवीं कक्षा की अंग्रेजी के पेपर में एक छात्र को दूसरे के स्थान पर परीक्षा देते हुए पकड़ा है। पकड़े गए युवक की पहचान डूमरखां गांव निवासी गौरव के रूप में हुई है। नरवाना शहर थाना पुलिस ने पकड़े गए छात्र के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
नरवाना स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय केंद्र अधीक्षक मनरूप ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सोमवार को कक्षा दसवीं की परीक्षा के दौरान डूमरखा गांव निवासी गौरव दूसरे परीक्षार्थी जयवीर की जगह परीक्षा दे रहा था। साथ ही कंप्यूटरीकृत फर्जी रोल नंबर और क्यूआर कोड भी तैयार किया था। वह परीक्षा केंद्र के कमरा नंबर 15 में परीक्षा देने आया था, जिसे फ्लाइंग टीम ने काबू कर लिया। पुलिस ने केंद्र अधीक्षक मनरूप की शिकायत पर छात्र के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।