एक साल पहले हैबतपुर पुल के पास से युवक से गन पॉइंट पर कार, मोबाइल फोन और पर्स छीनने के आरोप में पंजाब के तरनतारन जिले के बस्ती हरिके निवासी गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी और झिंडेवाल निवासी हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी को सिविल लाइन थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें एक दिन के लिए पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
हैबतपुर गांव के दीपक ने पिछले साल आठ अगस्त को सिविल लाइन थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह रात नौ बजे फैक्टरी से कार में सवार होकर अपने गांव हैबतपुर लौट रहा था। जब वह अपने गांव के फ्लाईओवर के नजदीक पहुंचा तो उसी समय एक कार उसके सामने आकर रुकी और उसमें सवार लोगों ने रास्ता पूछने के बहाने उसकी कनपटी पर पिस्तौल लगाकर कार की चाबी निकाल ली। फिर एक व्यक्ति और आ गया और दोनों ने पिस्तौल के बल पर उसे पिछली सीट पर धकेल दिया। उसके बाद वह उसकी कार को बाईपास से होते हुए लेकर गए। उन्होंने उसकी आंखों पर रुमाल बांध दिया और बोलने पर जान से मारने की धमकी दी। फिर उचाना के पालवां चौक के पास अचानक सड़क पर दो-तीन अन्य आदमी आ गए। जिसकी वजह से उन्होंने कार धीमी कर दी। उसने बगल में बैठे युवक से हाथापाई कर पिस्तौल छीन ली और कार से कूद गया। उसने इसकी शिकायत उचाना थाना पुलिस को दी थी।
उसने शिकायत में बताया था कि तीन युवकों ने उसकी कार, एटीएम कार्ड, पर्स, मोबाइल फोन छीनकर उसका अपहरण करके ले गए थे। इसके बाद इस मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ पिस्तौल के बल पर कार तथा अन्य सामान छीनने के आरोप में मामला दर्ज करने के बाद जांच शुरू कर दी थी। जांच अधिकारी एसआई कृष्ण कुमार ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में पंजाब के तरनतारन जिले के बस्ती हरिके निवासी गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी और झिंडेवाल निवासी हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है, ताकि रिमांड के दौरान उनसे कार, मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद किया जा सके।