10जेएनडी32: विश्राम गृह में पंडित जसराज जयंती की तैयारियों को लेकर बैठक में मौजूद समाज के सदस्य
जींद। शास्त्रीय संगीत के पुरोधा, पद्म विभूषण से सम्मानित पंडित जसराज की जयंती के अवसर पर दो फरवरी को पैतृक गांव पीली मंदौरी (हिसार) में राज्यस्तरीय जयंती समारोह का आयोजन किया जाएगा। इसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्यातिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
इसको लेकर लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में डूम समाज की बैठक जयंती समारोह के अध्यक्ष ओमप्रकाश मालिया की अध्यक्षता में हुई। बैठक में ओमप्रकाश मालिया ने समारोह की रूपरेखा, कार्यक्रमों की व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और अन्य तैयारियों को लेकर डूम समाज के लोगों के साथ विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि पंडित जसराज शास्त्रीय संगीत के ऐसे महान साधक थे, जिन्होंने अपने दिव्य स्वर और भक्तिमय गायन से न केवल भारत, बल्कि पूरे विश्व में भारतीय शास्त्रीय संगीत की पहचान बनाई। वह मेवाती घराने के महान गायक थे और उन्होंने संगीत को साधना के रूप में अपनाकर जन-जन तक पहुंचाया। इस अवसर पर मास्टर कृष्ण, बंशीलाल, राजेश भेंट, संजीव, सुशील, पवन कुमार, दिलीप सिंह, अधीक्षक कर्मवीर, डॉ. राजेश शाहपुर, मार्केटिंग बोर्ड के कार्यकारी अभियंता रमेश कुमार मौजूद रहे।