नरवाना। समर्थन देने को लेकर दो उम्मीदवारों के अनुसूचित जाति के समर्थकों में बहस छिड़ गई। एक पक्ष ने कहा कि जो उम्मीदवार जीतने की स्थिति में नजर आएगा, समाज उसको समर्थन देगा, जबकि दूसरा पक्ष एक उम्मीदवार को समर्थन देने की बात कह रहा था। इसे लेकर नौबत हाथापाई तक आ गई। जैसे ही इनके इस तरह से बहस की सूचना पुलिस को मिली तो वह मौके पर पहुंच गई और मामले को शांत करवाया।
चमार महासभा नरवाना की बैठक पंजाबी चौक स्थित रविदास मंदिर में हुई। इसकी अध्यक्षता कश्मीरा हंसडहैर ने की। नरवाना हलके में दो उम्मीदवार अनुसूचित जाति के हैं। इनमें से जो भी उम्मीदवार जीतने की स्थिति में नजर आएगा, समाज उस उम्मीदवार को अपना समर्थन दे, ताकि समाज का विधायक बनाया जा सके। यहां पर मीटिंग के बाद अपना निर्णय सुनाने के लिए सभी हरियल चौक स्थित एक होटल में पहुंचे। मीडिया से बात करते हुए कहा कि आज तक हमारे समाज का कोई विधायक नहीं बना है। इस बार हमने सभी गांव में सभी तरह से सर्वे किया है। इसके बाद यह सामने आया है कि इनेलो उम्मीदवार समाज के प्रत्याशियों में चुनाव में सबसे ऊपर है, हमारे समाज का भी दायित्व बनता है कि समाज उनका समर्थन करे। इसके बाद मौके पर कांग्रेस उम्मीदवार के अनुसूचित जाति के समर्थक पहुंच गए और कहा कि आप हमारे पूरे समाज का निर्णय करने वाले कौन होते हो। इन बातों को लेकर दोनों में तनाव हो गया। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों का बीच-बचाव करते हुए मामले को शांत करवाया। फिर दोनों पक्षों के लोग वहां से चले गए।