08जेएनडी24: बैठक कर विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा करते हुए कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेद
नरवाना। नगर परिषद कार्यालय में मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने शुक्रवार को आयोजित बैठक में शहर में चल रहे और प्रस्तावित विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा की।
उन्होंने बताया कि हाल ही में नगर परिषद हाउस की बैठक में आगामी वित्त वर्ष के लिए 46 करोड़ 6 लाख रुपये का बजट पारित किया गया है। यह राशि शहर की विभिन्न विकास परियोजनाओं पर खर्च की जाएगी।
उन्होंने बताया कि बजट के तहत नगर परिषद कार्यालय का नया भवन बनाया जाएगा। इसके अलावा भगत सिंह चौक से रेलवे स्टेशन तक मुख्य सड़क को मजबूत और आकर्षक बनाया जाएगा। शहर के नालों की सफाई और मरम्मत का कार्य भी प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा।
लोक निर्माण विभाग के नए भवन का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। वहीं नागरिक अस्पताल की नई बिल्डिंग के साथ उसकी क्षमता बढ़ाकर 100 बेड तक करने की योजना है। इसके अतिरिक्त नए बस अड्डे के निर्माण की प्रक्रिया भी आगे बढ़ रही है।
इन परियोजनाओं के पूरा होने से लोगों को बेहतर स्वास्थ्य, यातायात और सार्वजनिक सुविधाएं मिल सकेंगी। कैबिनेट मंत्री ने सफाई कर्मचारी प्रतिनिधिमंडल से भी मुलाकात की और उनका मांग पत्र लिया। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ हैं और सरकार को अपने सफाई योद्धाओं पर गर्व है।
बैठक में एडीसी एवं जिला नगरायुक्त प्रदीप कुमार, ईओ नगर परिषद रविंद्र कोहाड़, नगर परिषद सचिव संदीप, उप चेयरमैन शशिकांत शर्मा, चेयरपर्सन प्रतिनिधि विशाल मिर्धा मौजूद रहे।