फोटो 8एसएफडीएम1खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी का पुराना भवन जिसकी जगह बनेगा नया भवन। संवाद
- फोटो : File Photo
सफीदों। सफीदों में खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी (बीडीपीओ) कार्यालय का नया भवन बनाया जाएगा। यह भवन आधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा। इस पर करीब चार करोड़ रुपये की लागत आएगी। विभाग ने एस्टीमेट तैयार कर उच्च अधिकारियों को प्रशासनिक मंजूरी के लिए भेजा है। मंजूरी मिलते ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय का मौजूदा भवन लंबे समय से कंडम घोषित है। जर्जर भवन के कारण अधिकारियों, कर्मचारियों, सरपंचों और ग्रामीणों को परेशानी होती थी। बरसात में भवन की स्थिति और खराब हो जाती थी। लंबे समय से नए भवन की मांग की जा रही थी।
चार अप्रैल को सफीदों की अनाज मंडी में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की विकास एवं धन्यवाद रैली में नए भवन की मांग प्रमुखता से रखी गई। मुख्यमंत्री ने मौके पर ही नया कार्यालय भवन बनाने की घोषणा की। उन्होंने इसके लिए स्वीकृति भी प्रदान की। इसके बाद पंचायती राज विभाग ने निर्माण प्रक्रिया शुरू की। पुराने भवन वाली भूमि पर ही नए भवन की योजना तैयार की गई है।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, नया भवन आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा। इसमें अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए बेहतर कार्यस्थल होगा। सरपंचों, पंचायत प्रतिनिधियों और आम नागरिकों की सुविधा का भी ध्यान रखा जाएगा। भवन बनने से पंचायत संबंधी कार्यों का निस्तारण आसान होगा। लोगों को बेहतर प्रशासनिक सेवाएं मिल सकेंगी। एसडीओ पंचायती राज आशीष मेहरा ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मंजूरी मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
वर्जन
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने चार अप्रैल को सफीदों में आयोजित विकास एवं धन्यवाद रैली के दौरान नए बीडीपीओ कार्यालय भवन की घोषणा की थी। नए भवन के निर्माण का एस्टीमेट तैयार कर प्रशासनिक मंजूरी के लिए उच्च अधिकारियों को भेज दिया गया है। लगभग चार करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस भवन के लिए मंजूरी मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। नया भवन बनने से अधिकारियों, पंचायत प्रतिनिधियों और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
- आशीष मेहरा, एसडीओ पंचायती राज