जींद। गढ़ी थाना परिसर में पुलिसकर्मियों के रहने और विभागीय कामकाज की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए करीब 50.39 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। हरियाणा पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन की ओर से इस कार्य के लिए 50 लाख 39 हजार रुपये का टेंडर जारी किया गया है।
योजना के तहत थाना परिसर में नई बैरक, दो अतिरिक्त कमरे और भूतल पर सार्वजनिक शौचालय का निर्माण करवाया जाएगा। इसके अलावा मालखाना, रिकॉर्ड रूम और शस्त्रागार की छत भी बनाई जाएगी।
टेंडर के अनुसार इच्छुक निर्माण एजेंसियां 11 नवंबर शाम पांच बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। निर्माण कार्य पूरा करने के लिए 270 दिन की समयसीमा निर्धारित की गई है।
थाना परिसर में नई बैरक बनने से यहां तैनात पुलिसकर्मियों के ठहरने की व्यवस्था बेहतर होगी। लंबी ड्यूटी, रात्रि गश्त और कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाने वाले कर्मचारियों को आराम करने के लिए पर्याप्त स्थान मिल सकेगा। वहीं, दो अतिरिक्त कमरों के निर्माण से विभागीय कामकाज के लिए भी जगह उपलब्ध होगी। इससे थाने में होने वाली गतिविधियों को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी।
शौचालय बनने से फरियादियों को मिलेगी राहत
थाने में रोजाना शिकायत लेकर आने वाले फरियादियों और अन्य आगंतुकों के लिए सार्वजनिक शौचालय की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। इससे महिलाओं, बुजुर्गों और दूर-दराज से आने वाले लोगों को विशेष राहत मिलेगी। इसके साथ ही मालखाना, रिकॉर्ड रूम और शस्त्रागार की छत बनने से जब्त सामान, जरूरी दस्तावेज और हथियारों के सुरक्षित रखरखाव के लिए भवन की स्थिति बेहतर होगी। इस परियोजना से पुलिसकर्मियों के साथ थाने पहुंचने वाले आम लोगों को भी बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।