नरवाना। फरैण कलां गांव के ग्रामीण मंगलवार को काफी संख्या में लघु सचिवालय पहुंचे और एसडीएम जगदीश चंद्र को मांग पत्र सौंपा। ग्रामीणों ने बताया कि गांव के चारों ओर से बाढ़ का पानी तेजी से फैल रहा है और यदि तुरंत कोई कदम नहीं उठाया गया तो गांव में जान-माल का बड़ा नुकसान हो सकता है।
सरपंच रामकुमार ने कहा कि यदि सड़क के नीचे की पुलियों को खोला गया तो गांव में पानी से तबाही मच जाएगी। उनकी फसलें तो पहले खराब ही चुकी हैं और गांव की सुरक्षा की चिंता है। ग्रामीणों ने बताया कि एक ओर से भिखेवाला गांव की तरफ से और दूसरी ओर नरवाना रोड ईस्माइलपुर की तरफ से भारी मात्रा में पानी बस्ती की ओर बढ़ रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा नरवाना रोड की पुली काटने की कोशिश की जा रही है जिससे पानी सीधे गांव में घुस सकता है। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि यदि ऐसा हुआ तो गांव में आठ से 12 फीट तक पानी भर सकता है और निकासी की कोई व्यवस्था नहीं है। इससे बस्ती में घरों को भारी नुकसान होगा।
ग्रामीणों ने एसडीएम से आग्रह किया कि गांव को बाढ़ के पानी से बचाने के लिए तत्काल पुख्ता कदम उठाए जाए। ग्रामीणों ने प्रशासन से अपील की है कि गांव की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त बंदोबस्त किए जाए और पानी की निकासी की व्यवस्था जल्द सुनिश्चित की जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके।
उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन ने समय रहते कार्रवाई नहीं की तो स्थिति बेहद गंभीर हो सकती है। इस अवसर पर सरपंच रामकुमार, राकेश, साहिल, कृष्णा, सोनू, दीपक, पप्पू, अंकित, वेदपाल, सचिन, विक्रम, सतीश, सतपाल और हरिकेश भी मौजूद रहे।