कंडेला खाप के प्रधान को लेकर चल रहे विवाद को निपटाने के लिए अब खाप के लोगों ने पहल की है। इसे लेकर चार जुलाई को दालमवाला गांव के स्कूल में खाप की पंचायत बुलाई गई है।
दालमवाला गांव के पूर्व सरपंच भीरा की अध्यक्षता में वीरवार को हुई खाप के प्रतिनिधियों की बैठक में सरपंच ने बताया कि खाप में एकता व भाईचारा बढ़ाने, खाप में चल रहे विवाद को मिटाने व सभी तरह के मनमुटाव को दूर करने पर चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि चार जुलाई को होने वाली पंचायत में सर्वसम्माति से कंडेला खाप के प्रधान को मनोनीत किया जाएगा। अब तक खाप का जो प्रधान और कार्यकारिणी बनाई गई है, वह खाप के सभी गांवों द्वारा नहीं बनाई गई है। कुछ लोग खाप की छवि को खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधान टेकराम कंडेला व पूर्व के सभी खाप प्रधानों ने खाप को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। पंचायत में सज्जन शाहपुर, मिडा शाहपुर, दयानंद नंबरदार बोहतवाला, मास्टर कर्मवीर लोहचब, रामदिया पूर्व सरपंच खोखरी, मेहताब सिंह रूपगढ़, अभेराम कंडेला, हाजूरा सिंह, रणधीर सिंह पूर्व प्रधान कंडेला खाप, रामनिवास शाहपुर, प्रदीप शर्मा, अजमेर दालमवाला मौजूद रहे।