जींद। नरवाना में किसान को काॅल कर अज्ञात ने कहा कि पहचाना कौन बोल रहा हूं। इस पर किसान ने संदेह के आधार पर कहा कि जगदीप बोल रहे हो। इस पर उसने हां कर कहा कि उसके मामा का लड़का बीमार है। इसके लिए रुपयों की जरूरत है। इस पर उसने अपना सहपाठी समझकर हां कर दी। इसके बाद आरोपी ने उससे 679000 रुपये ठग लिए।
साइबर थाना पुलिस को दी शिकायत में नरवाना की चोपड़ा पट्टी निवासी बलजीत सिंह ने बताया कि वह तीन सितंबर को वह खेत में काम कर रहा था। इस दौरान उसके मोबाइल पर अज्ञात नंबर से कॉल आई और कहा कि पहचाना कौन बोल रहा हूं। इस पर उसने बताया कि जगदीप बोल रहा है। अज्ञात ने कहा कि वह जगदीप है और उसके मामा का लड़का बीमार है। अस्पताल में ऑपरेशन चल रहा है। उसका मोबाइल नहीं चल रहा। उसको अर्जेंट में रुपयों की जरूरत है। उसने जगदीप को अपना क्लासमेट समझकर उसी समय अपनी पत्नी के खाते से एक लाख 60 हजार रुपये बताए गए बैंक खाते में डाल दिए। इसके बाद कोटक महिंद्रा के बैक खाते में एक लाख 20000 रुपये, फिर एक्सिस के खाते में 199000 रुपये डलवा दिए। बैंक ऑफ बड़ौदा के खाता तथा कोटक महेंद्रा के बैंक के खाते में 40 हजार रुपये डाले। इसके बाद अपने भतीजे के खाते से पंजाब ने शनल बैंक के खाते में 60000 रुपये डलवा दिए। इसके बाद फिर पंजाब नेशनल बैंक व कोटक महिंद्रा के बैंक खाते में एक लाख रुपये डाल दिए। इसके बाद उसको ठगी का एहसास हुआ। इस मामले में साइबर थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।