08जेएनडी14: सीआरएसयू का मुख्य गेट जहां से सड़क का निर्माण शुरू होगा। फाइल फोटो
जींद। चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय (सीआरएसयू) से हमेटी तक लिंक मार्ग का निर्माण होगा। इसके लिए सीआरएसयू ने टेंडर जारी किया है। इस सड़क निर्माण पर एक करोड़ 35 लाख रुपये की राशि खर्च की जाएगी। इसकी लंबाई 678 मीटर की होगी। सीआरएसयू के सामने इस सड़क पर लाइटें भी लगाई जाएंगी, ताकि सीआरएसयू का सुंदरीकरण किया जा सके।
सीआरएसयू से हमेटी तक जाने के लिए फिलहाल मुख्य मार्ग से विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों व आमजन को जाना पड़ता है। यहां पर वाहनों का आवागमन भी ज्यादा है। अब इसके लिए अलग से सड़क का निर्माण होगा। यह लिंक मार्ग बनाया जाएगा। इसके लिए सीआरएसयू ने टेंडर जारी किए हैं। जल्द ही इसकी बिड भी ओपन होगी।
इसके बाद टेंडर अलॉट कर दो महीने में सड़क का निर्माण करवाया जाना है। इस लिंक मार्ग की चौड़ाई साढ़े पांच मीटर की होगी। इससे विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों व हमेटी के कर्मियों को राहत मिलेगी। मुख्य मार्ग पर होने वाली दुर्घटनाओं से भी बचाव होगा।
विश्वविद्यालय में प्रतिदिन लगभग दो हजार विद्यार्थियों का आवागमन रहता है। इनके लिए भी यह बड़ी सुविधा होगी। इस सड़क के निर्माण से ऑटो व ई रिक्शा चालकाें तथा विश्वविद्यालय व हमेटी में प्रवेश करने के लिए मुख्य मार्ग को क्रॉस करने में होने वाली परेशानी से छुटकारा मिलेगा, फिलहाल मुख्य मार्ग से बड़े वाहन गुजरने के लिए इसको क्रॉस करने में कर्मियों व विद्यार्थियों को परेशानी का सामान करना पड़ता है।
बाक्स
सीआरएसयू के मुख्य गेट से हमेटी के मुख्य गेट तक लिंक मार्ग के लिए टेंडर लगाया है। जल्द ही इसकी बिड ओपन होगी। इसके बाद इस टेंडर को अलॉट कर दिया जाएगा। 1.35 करोड़ रुपये की राशि से साढ़े पांच मीटर की इस सड़क का निर्माण किया जाना है।
-लवलीन मोहन, रजिस्ट्रार सीआरएसयू जींद।