झूठी कॉल करके पुलिस को गुमराह करने वाले व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई है। आरोपी दीपक निवासी बीबीपुर, जींद ने 52 हजार रुपये छीनने की झूठी सूचना दी थी।
जांच में पता चला कि दीपक ने अपनी गाड़ी की किस्तें बकाया होने के कारण झूठी कहानी बनाकर पुलिस और गाड़ी मालिक को गुमराह करने की कोशिश की थी। दीपक ने डायल 112 पर झूठी कॉल कर 52 हजार रुपये छीनने की सूचना दी थी। पुलिस टीम ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की। दीपक के अलग-अलग बयान से पुलिस को संदेह हुआ।
जब उससे सख्ती से पूछताछ की गई तो वह बूट गया। पूछताछ के दौरान दीपक ने अपनी गलती स्वीकार की और बताया कि वह गाड़ी मालिक से पैसे लेने के लिए झूठी कहानी बना रहा था। पुलिस ने दीपक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 217 के तहत कानूनी कार्रवाई की है। दीपक ने लिखित क्षमा याचना दी है जिसमें उसने अपनी गलती स्वीकार की है और भविष्य में ऐसी हरकत न करने का वादा किया है। पुलिस आमजन से अपील करती है कि वे डायल 112 या किसी भी पुलिस सेवा का दुरुपयोग न करें। झूठी कॉल करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।