फोटो 15जेएनडी18-नगर परिषद जींद द्वारा बनवाया गया फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र।
जींद। नगर परिषद से छह माह पहले मृत व्यक्ति का फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाकर बीमा राशि के 6.88 लाख रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। आरोप है कि परिजनों ने पहले व्यक्ति को जीवित दिखाते हुए उसे एक निजी अस्पताल में उपचाराधीन दिखाया और बाद में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर बीमा क्लेम प्राप्त कर लिया।
राजस्थान के भादरा क्षेत्र के गांव नहराना निवासी रोहताश अपने परिवार के साथ हिसार के न्यू ऋषि नगर में रह रहा था। उसकी मृत्यु 31 अक्टूबर 2024 को हो चुकी थी जिसका रिकॉर्ड स्थानीय आंगनबाड़ी केंद्र में भी दर्ज है।
आरोप है कि 14 अप्रैल 2025 को रोहताश को जींद के एक निजी अस्पताल में भर्ती दिखाकर नगर परिषद जींद से उसके नाम पर मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करवाया गया। इसके आधार पर बजाज लाइफ इंश्योरेंस कंपनी से क्लेम राशि के 6 लाख 88 हजार 434 रुपये हड़प लिए।
इस मामले में गोगा मेड़ी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायतकर्ता राजस्थान के हनुमानगढ़ निवासी श्याम सुंदर (बीमा कर्मचारी) का आरोप है कि मृतक की पत्नी शारदा ने बीमा राशि के पैसे हड़पने के लिए यह पूरा षड्यंत्र रचा।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रोहताश लगभग 20 वर्षों से हरियाणा में रह रहा था और मामला इस थाना क्षेत्र का नहीं बनता। शिकायत बीमा कंपनी को जींद पुलिस के पास दर्ज करानी चाहिए क्योंकि मृत्यु प्रमाण पत्र वहीं से जारी हुआ है।
-प्रवीण श्योराण, प्रभारी, पुलिस थाना गोगा मेड़ी