17जेएनडी12: मंदिर में प्रसाद ग्रहण करते श्रद्धालुगण। स्रोत श्रृद्धालु।
जुलाना। क्षेत्र के ब्राह्मणवास गांव स्थित प्राचीन शनिदेव मंदिर में शनिवार को भंडारे का आयोजन किया गया जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहा और श्रद्धालुओं ने शनिदेव के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। मंदिर के पुजारी साधुराम ने बताया कि शनिदेव मंदिर परिसर में खाटू श्याम मंदिर की नींव रखी गई है। इस अवसर के उपलक्ष्य में मंदिर में चौथे भंडारे का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि खाटू श्याम मंदिर के निर्माण से क्षेत्र के श्रद्धालुओं को एक और धार्मिक स्थल उपलब्ध होगा, जिससे लोगों की आस्था और अधिक मजबूत होगी।
भंडारे के दौरान श्रद्धालुओं को प्रेम और श्रद्धा के साथ प्रसाद वितरित किया गया। आयोजन में गांव के युवाओं, बुजुर्गों और महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और सेवा कार्य में सहयोग किया। पुजारी साधुराम ने बताया कि शनिदेव मंदिर में हर शनिवार को सैंकड़ों श्रद्धालु अपनी मनोकामनाएं लेकर आते हैं और शनिदेव से सुख-समृद्धि की कामना करते हैं। भंडारे जैसे धार्मिक आयोजनों से आपसी भाईचारा और सामाजिक समरसता को भी बढ़ावा मिलता है।