अलेवा। शाहपुर गांव की चौपाल में ग्रामीणों की पंचायत हुई। जिसमें ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से फैसला लिया कि अगर गांव में किसी व्यक्ति ने ट्रेक्टर पर स्पीकर बजाया तो उस पर 11 हजार रुपये जुर्माना लगाया जाएगा। इसके साथ-साथ डीजे, मृत्युभोज व दहेज प्रथा के मामले मिले तो भी जुर्माना लगाया जाएगा। ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से यह भी फैसला लिया कि खुशी के मौके पर कोई व्यक्ति हर्ष फायरिंग नहीं करेगा। नियमों का उल्लंघन करने पर उसे पंचायत दंडित करेगी।
गांव दालमवाला में शादी समारोह में हुई फायरिंग से बच्चे की मौत पर जताया रोष
शनिवार सुबह गांव की चौपाल में गांव के 36 बिरादरी के लोग इकट्ठे हुए। पंचायत की अध्यक्षता समाजसेवी रामनिवास ने की, जबकि गांव की सरपंच गीता देवी ने विशेष रूप से भाग लिया। पिछले दिनों पड़ोस के गांव दालमवाला में शादी के समय हुई फायरिंग में हुई एक बच्चे की मौत से ग्रामीण काफी खफा थे। ऐसी ही अन्य बुराइयों को दूर करने के लिए कई दिन से पंचायत करना चाहते थे। शनिवार को सुबह गांव के बुजुर्गों ने चौपाल में पंचायत बुलाई। इसमें सर्व समाज के लोग मौजूद रहे।
अवैध शराब की बिक्री पर रोक के लिए बनाई कमेटी
सभी ने सर्वसम्मति से शादी व अन्य खुशी के मौके पर फायरिंग को बंद करने का निर्णय लिया। इसके साथ-साथ कुछ युवा गांव में ट्रेक्टर पर ऊंची आवाज में स्पीकर बजाते रहते हैं, इससे ग्रामीण परेशान दिखे। इस पर भी ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से पाबंदी लगा दी। गांव में बिकने वाली अवैध शराब को भी रोकने का निर्णय लिया गया। इसको लेकर ग्रामीणों ने एक कमेटी का गठन किया। यह कमेटी यदि कोई ऐसा मामला सामने आता है तो उसकी जांच कर दोषी पर 11 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। यदि कोई व्यक्ति बार-बार इन निर्णयों का उल्लंघन करता पाया गया तो उसके खिलाफ जुर्माने के साथ-साथ ठोस कार्रवाई भी की जाएगी।
बैठक को जयपाल उर्फ मिड्ढा, राजू, संदीप, अर्जुनदेव, भीम सिंह, लख्मीचंद, धर्मबीर, रणधीर ने भी संबोधित किया और सभी प्रस्तावों पर सहमति जताई।