7.12 करोड़ रुपये से शहर की 22 सड़कों पर लगेंगी दो लाख एलईडी लाइट्स
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। रात के समय शहर की अधिकतर सड़कों पर अंधेरा छाया रहता है। मगर इस समस्या का समाधान जल्द ही होने वाला है। शहर की सड़कों पर अब एलईडी लाइट्स लगाने की तैयारी कर ली गई है। एलईडी लाइट लगाने के लिए नगर परिषद ने सात करोड़ 12 लाख 62 हजार 300 रुपये का बजट तैयार किया है। इस पैसे से शहर की कुल 22 सड़कों पर एलईडी लाइट्स लगाई जाएंगी, जिनमें छह मार्गों की स्ट्रीट लाइट्स बदली जाएंगी और 16 मार्गों पर नई लाइट्स लगेंगी। इन मार्गों पर पहले स्ट्रीट लाइट्स ही नहीं थी।
नई योजना के तहत छह मार्गों पर पुरानी लाइट्स के स्थान पर एलईडी लाइट्स लगाई जाएंगी। इनमें 20 लाख 56 हजार 600 रुपये से रानी तालाब से जेल चौक तक, 24 लाख 74 हजार 700 रुपये से जेल चौक से पांडू पिंडारा में नगर परिषद की सीमा तक, 15 लाख 27 हजार 700 रुपये से भिवानी रोड बाईपास से जींद शहर तक, 14 लाख 75 हजार 200 रुपये से पटियाला चौक स्थित आरओबी पर, 18 लाख 53 हजार रुपये से कैथल रोड से पटियाला चौक तक लाइट्स लगाई जाएंगी। इसके अलावा शहर में विभिन्न जगहों पर लगी हाई मास्ट लाइट्स की जगह पर नई एलईडी फ्लड लाइट्स लगाई जाएंगी। इस पर कुल 22 लाख 82 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे।
इन नए मार्गों पर लगेंगी लाइट्स
पुरानी लाइट्स के स्थान पर नई एलईडी लाइट्स लगाने के अलावा शहर में 16 नए ऐसे मार्गों पर भी लाइट्स लगाई जाएंगी, जिन पर पहले स्ट्रीट लाइट्स ही नहीं हैं। इनमें जींद शहर से अनाज मंडी के आगे होते हुए पूरे फोर लेन मार्ग पर, सीआरएसयू के आगे से रोहतक रोड से गोहाना रोड तक, रोहतक रोड बाईपास से देवीलाल चौक तक, देवीलाल चौक से भिवानी रोड तक, नए बाईपास पर रोहतक रोड से भिवानी रोड तक, देवीलाल चौक से टेनरी मोड तक, देवीलाल चौक से जयंती देवी मंदिर तक काठ मंडी के रास्ते, देवीलाल चौक से रानी तालाब चौक तक, पुराने नगर परिषद कार्यालय से बैंक रोड के रास्ते रामराये गेट तक, पटियाला चौक से नरवाना तक, पटियाला चौक से रेलवे स्टेशन, रानी तालाब से सफीदों व रुपया चौक के रास्ते पटियाला चौक तक, बत्तख चौक से सोमनाथ मंदिर तक, अपोलो रोड से रेलवे रोड तक, नई सब्जी मंडी स्थित शहीद उद्यम सिंह चौक से दालमवाला अस्पताल व कैथल रोड तक लाइट्स लगवाई जाएंगी। इसके अलावा शहर की डीसी कॉलोनी में भी नई एलईडी लाइट्स लगाई जाएंगी।
इस काम के लिए टेंडर लगाए गए हैं। सरकार द्वारा बजट का प्रावधान किया गया है। जल्द ही इस पर काम शुरू कर दिया जाएगा। इससे शहर के अधिकतर हिस्से के मुख्य मार्गों पर स्ट्रीट लाइट्स की सुविधा मिल सकेगी।
बलराज सिंगला, एमई, नगर परिषद जींद
होती है परेशानी
फिलहाल रोहतक रोड पर स्ट्रीट लाइट्स की सुविधा नहीं है। इससे यहां कारोबार बहुत जल्दी बंद हो जाता है। दिन ढलते ही दुकान बंद हो जाती है। इससे काफी परेशानी होती है। शाम के समय लोग घरों से बाहर नहीं निकल पाते। स्ट्रीट लाइट्स लगने से काफी राहत मिलेगी।
रोशन लाल, व्यापारी रोहतक रोड।
फिलहाल गोहाना रोड पर स्ट्रीट लाइट्स तो लगी हुई हैं, लेकिन यह अधिकतर समय खराब ही रहती है। इससे दुकानदारों को काफी परेशानी होती है। नई एलईडी लाइट्स लगाने से उम्मीद है कि लोगों को बेहतर सुविधा मिलेगी।
अशोक जांगड़ा, व्यापारी, गोहाना रोड