उचाना एसडीएम अवकाश पर, लोगों के कार्य लटके
अमर उजाला ब्यूरो
जींद/उचाना। उचाना की एसडीएम पिछले कई दिन से छुट्टी पर चल रही हैं। इसके चलते रोजमर्रा के कामों के लिए लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही हैं। न तो लोगों के लाइसेंस निकल रहे हैं और न ही आरसी। इससे लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
एसडीएम डॉ. शिल्पी पातड़ के अवकाश पर होने के चलते एसडीएम संबंधित कार्य देरी से हो रहे है। नरवाना एसडीएम डॉ. किरण को उचाना का चार्ज दिया गया है। चार्ज मिलने के बाद एक बार भी एसडीएम नरवाना डॉ. किरण सिंह नहीं आई। आरसी, ड्राइविंग लाइसेंस संबंधित बेशक सरकार द्वारा दिन तय किए गए हो, लेकिन यहां पर कई महीनों से इनकी फाइलें पेंडिंग है। यहां पर एसडीएम डॉ. शिल्पी पातड़ के अवकाश पर होने के चलते 21 अगस्त को नरवाना एसडीएम डॉ. किरण को उचाना का एसडीएम का चार्ज दिया गया था। डॉ. शिल्पी पातड़ दो अगस्त के बाद से छुट्टी पर है। 15 सितंबर तक का अवकाश लिया हुआ है। यहां पर विभिन्न गांवों से लोग अपनी समस्याओं को लेकर आते है, लेकिन एसडीएम के न होने पर तहसीलदार या विभाग के दूसरे कर्मचारी को अपनी शिकायत देकर चले जाते हैं। लोगों का कहना है कि जब उपमंडल का दर्जा मिल चुका है तो यहां पर नियमित रूप से एसडीएम को कार्यालय में बैठना चाहिए ताकि लोगों को उपमंडल बनने का फायदा मिल सकें। बीते कई दिनों से एसडीएम उचाना डॉ. शिल्पी पातड़ अवकाश पर है ऐसे में एसडीएम संबंधित कामों को लेकर निरंतर लोगों की परेशानी बढ़ रही है। राजकुमार, सतबीर, सुखबीर, राजा ने कहा कि जिन्होंने एसडीएम कार्यालय में जुलाई माह में मोटरसाइकिल की आरसी के लिए अप्लाई किया था। अब तक आरसी नहीं मिली है। यहां पर जब भी जाते है तो कहते है कि एसडीएम अवकाश पर होती हैं। प्रशासन द्वारा अप्लाई के बाद दिन निर्धारित करने के बाद भी आरसी नहीं दी जा रही है। एसडीएम उचाना अवकाश पर है तो जिस एसडीएम को चार्ज दिया है वो फाइलों पर साइन करें ताकि लोगों को हो रही परेशानी तो कम हो। उन्होंने कहा कि एसडीएम संबंधित सभी कार्य पेंडिंग है। नरवाना एसडीएम को चार्ज तो दे दिया गया है लेकिन वो एसडीएम कार्यालय में नहीं आ रही है। नरवाना एसडीएम का कार्यालय में बैठने का कोई दिन तय होना चाहिए ताकि कम से कम जिन लोगों के काम पेंडिंग है उनके कार्य तो हो सकें।